उज्जैन: विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकालेश्वर की 6 सवारी सावन-भादौ मास के मद्देनजर निकलेगी, इसके लिए जिला कलेक्टर एवं महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह ने तैयारियों के निर्देश दिए हैं, मंदिर प्रबंध समिति की बैठक भी शनिवार को ली जाएगी.नवभारत से चर्चा में उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि 11 जुलाई से श्रवण मास प्रारंभ हो रहा है, 14 जुलाई को बाबा महाकाल की पहली सवारी निकलेगी. ऐसे में लगभग 50 लाख श्रद्धालुओं के उज्जैन आगमन की हम व्यवस्था कर रहे हैं. सवारी मार्ग को भी दुरुस्त किया जा रहा है. जर्जर मकानों से लेकर अवैध निर्माण अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं. सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है, श्रद्धालुओं को निर्बाध दर्शन बाबा महाकाल के कराए जाएंगे.
सावन माह में बाबा महाकाल की भस्म आरती का समय भी बदल जाएगा. 11 जुलाई से यह समय बदलेगा जिसमें 2.30 पर महाकाल मंदिर के पट खोले जाएंगे और भस्म आरती प्रारंभ होगी. 14 से 4 अगस्त तक 2. 30 से 3 के बीच में ही भस्मारती हो जाएगी. साथ ही चलित भस्म आरती के लिए कार्तिकेय मंडप रिक्त रखा जाएगा, जो श्रद्धालु भस्म आरती की अनुमति नहीं ले पाते हैं उन्हें चलित दर्शन भस्म आरती के कराए जाएंगे.
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि 50 लाख श्रद्धालु सावन और भादो के मास में उज्जैन आएंगे. ऐसे में पुलिस बल बड़ी संख्या में उपलब्ध रहेगा. बैरिकेट्स, सीसीटीवी कैमरे, एलाउंसमेंट, वज्र वाहन, बम स्क्वॉड डॉग स्कॉट जैसे सुरक्षा के चाकचौबंद इंतजाम रहेंगे. बाबा महाकाल की सवारी में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं सुरक्षा का पूर्णत: ध्यान रखा जाएगा.
