मुंबई | बॉलीवुड के प्रसिद्ध फिल्म निर्माता और निर्देशक करण जौहर आज अपना 54वां जन्मदिन मना रहे हैं। साल 1995 में ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ में एक असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर अपना करियर शुरू करने वाले करण ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। 1998 में ‘कुछ कुछ होता है’ के साथ बतौर निर्देशक अपनी पहली ही फिल्म से ब्लॉकबस्टर सफलता हासिल कर उन्होंने रोमांटिक फिल्मों के बादशाह के रूप में अपनी पहचान बनाई। अपने पिता यश जौहर की विरासत को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने ‘धर्मा प्रोडक्शन’ को आज फिल्म निर्माण के क्षेत्र में एक बेताज बादशाह और ग्लोबल ब्रांड बना दिया है।
करण जौहर ने अपने प्रोडक्शन हाउस ‘धर्मा प्रोडक्शन’ को एक नई ऊंचाई पर पहुँचाया है, जो आज कई बड़े सितारों का करियर संवारने के लिए जाना जाता है। आलिया भट्ट, वरुण धवन और सिद्धार्थ मल्होत्रा जैसे सुपरस्टार्स को बॉलीवुड में लॉन्च करने वाले करण ने हमेशा नई प्रतिभाओं को मौका दिया है। उनके प्रोडक्शन हाउस ने न केवल सफल फिल्में दी हैं, बल्कि इंडस्ट्री में स्टार मेकर की अपनी प्रतिष्ठा को भी मजबूती प्रदान की है। आज भी उनकी फिल्मों का जादू दर्शकों के दिलों पर छाया रहता है।
करोड़ों के साम्राज्य के मालिक करण जौहर की कुल नेटवर्थ लगभग 1,740 करोड़ रुपये आंकी जाती है। उनके पास मुंबई के मालाबार हिल्स और कार्टर रोड पर आलीशान घर हैं और वे लग्जरी कारों के शौकीन भी हैं। बतौर ब्रांड प्रमोटर और ‘कॉफी विद करण’ जैसे लोकप्रिय शो के जरिए भी उनकी आय का बड़ा जरिया बना हुआ है। हाल ही में उनकी फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ चर्चा में है और जल्द ही वे कार्तिक आर्यन के साथ अपनी आगामी फिल्म ‘नागजिला’ लेकर दर्शकों के बीच आने की तैयारी कर रहे हैं।

