प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर नमामि नर्मदा संघ द्वारा ओंकारेश्वर में विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित हरीश उनियाल के नेतृत्व में नर्मदा तटों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके साथ ही कन्या भोजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन कर जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाया गया।
पंडित हरीश उनियाल ने बताया कि नमामि नर्मदा संघ “नमामि गंगे, नमामि यमुना—जल, जंगल, जीवन” के संकल्प के साथ नर्मदा संरक्षण और मानव सेवा के कार्यों में लगातार सक्रिय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से प्रेरणा लेकर यह सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उन्होंने कहा कि नर्मदा तटों की स्वच्छता और समाजसेवा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण तथा जनकल्याण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
