
रीवा, रीवा शहर में पूर्वांचल के रहने वाले लोगों ने विधि विधान से ‘नहाय-खाय’ के साथ छठ पूजा शुरू कर दी। उक्त संबंध में हिंदू उत्सव समिति धर्म परिवार के वरिष्ठ सदस्य व भोजपुरी उत्सव समिति के अध्यक्ष नन्दजी तिवारी मंटू व अजय उपाध्याय ने बताया कि चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व शुक्रवार को पारंपरिक रस्म ‘नहाय-खाय’ के साथ शुरू हो गया। यह हिंदुओं के पवित्र त्योहारों में से एक है, जो सूर्य देव और छठी मैया की उपासना को समर्पित है। उन्होंने कहा कि शहर के बिहर नदी के बाबा घाट में 15 नवम्बर को शाम 4 बजे से व्रत धारी महिलाएं छठ मैय्या की पूजा करेंगे। घाट की समुचित साफ सफाई व्यवस्था कर ली गई है
पहले दिन की रस्में- साफ-सफाई और सात्विक भोजन-
नहाय-खाय के दिन भक्त सुबह जल्दी उठकर नदियों, तालाबों या घर पर पवित्र स्नान करते हैं। कई लोग नहाने के पानी में गंगाजल भी मिलाते हैं। घर और रसोई की पूरी सफाई की जाती है। इस दिन विशेष सात्विक भोजन तैयार किया जाता है, जिसमें उबले चावल, चने की दाल और कद्दू (लौकी) की सब्जी शामिल होती है। खाना बनाते समय पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है।
चार दिनों की मुख्य रस्में-
इस वर्ष छठ पर्व शुक्रवार से शुरू होकर 16 नवंबर तक चलेगा। चार मुख्य रस्में हैं – नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और ऊषा अर्घ्य। मुख्य पूजा कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को होती है, जब भक्त डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं।
छठ पूजा का महत्व-
छठ पूजा को सूर्य षष्ठी, छठ पर्व, डाला पूजा और डाला छठ जैसे नामों से भी जाना जाता है। इसमें भक्त (खासकर महिलाएं) कठिन व्रत रखती हैं और बच्चों की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य तथा परिवार की सुख-शांति की कामना करती हैं। सूर्य को अर्घ्य देकर जीवन और ऊर्जा के स्रोत के प्रति आभार व्यक्त किया जाता है। ‘नहाय-खाय’ के साथ इस उत्सव की शुरुआत हो चुकी है। श्रद्धालु पूरी निष्ठा, अनुशासन और पवित्रता के साथ इस महापर्व को मना रहे हैं।
