भारत-श्रीलंका संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मित्र शक्ति 2026’ के लिए 170 भारतीय सैनिक रवाना

नयी दिल्ली 13 नवंबर (वार्ता) भारतीय रक्षा बलों के 170 जवान 12वें भारत-श्रीलंका संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मित्र शक्ति 2026’ में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार को श्रीलंका रवाना हो गये।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यह 14 दिन का अभ्यास 26 नवंबर तक श्रीलंका के मदुरु ओया स्थित आर्मी ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित किया जायेगा। भारतीय दल में मुख्य रूप से राजपूताना राइफल्स की एक बटालियन के जवानों के साथ अन्य सैन्य शाखाओं और सेवाओं तथा भारतीय वायुसेना के कर्मी शामिल हैं।
अभ्यास का मुख्य उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के नियमों के तहत अर्ध-शहरी क्षेत्रों में आतंकवाद विरोधी अभियान चलाने की दोनों देशों की संयुक्त सैन्य क्षमता को मजबूत करना है। इसके तहत सैनिक शारीरिक दक्षता बढ़ाने, सामरिक अभ्यासों को बेहतर बनाने और आपसी तालमेल मजबूत करने पर ध्यान देंगे।

प्रशिक्षण में संयुक्त योजना, सामरिक अभियानों का अभ्यास, सड़क नाकाबंदी, शहरी गश्त, सैन्य वाहनों के काफिले की सुरक्षा, घात लगाना, भीड़ को नियंत्रित करना और मजबूत ठिकानों के खिलाफ संयुक्त सैन्य अभियान शामिल होंगे। अभ्यास के अंत में एक व्यापक परीक्षण भी होगा, जिसमें दोनों देशों के सैनिक प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई रणनीतियों और प्रक्रियाओं का संयुक्त रूप से प्रदर्शन करेंगे।
‘मित्र शक्ति’ भारत और श्रीलंका के बीच हर साल आयोजित होने वाला द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास है, जो बारी-बारी से दोनों देशों में होता है। इसका उद्देश्य सैन्य सहयोग, आपसी समझ और आतंकवाद विरोधी अभियानों के अनुभवों को साझा करना है।

.....

Next Post

आवारा मवेशियों को लेकर ग्रामीणों का नगर निगम में हंगामा, सैकड़ों मवेशियों के साथ पहुंचे ग्रामीण

Fri Nov 13 , 2026
सिंगरौली। नगर निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 28 अशोक वार्ड, कचनी क्षेत्र में आवारा मवेशियों की समस्या से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को सामने आया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर आवारा मवेशियों को एकत्रित करते हुए नगर निगम कार्यालय के मुख्य गेट पर पहुंच गए और जमकर […]

You May Like