
भोपाल। पुलिस कमिश्नरेट के 150 पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों ने 50 स्थानों पर साइबर संवाद आयोजित किया. रविवार को लगभग 7,500 नागरिकों एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया. ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता अभियान-2026 के अंतर्गत पुलिस कमिश्नरेट के सभी पुलिस थानों एवं साइबर क्राइम ब्रांच की तरफ से कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
अभियान के दौरान नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस/सीबीआई अधिकारी बनकर की जाने वाली ठगी, ओटीपी, बैंक खाता एवं एटीएम संबंधी धोखाधड़ी, निवेश एवं ट्रेडिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, क्यूआर कोड स्कैम, फर्जी लिंक, केवाईसी अपडेट, पार्सल एवं कस्टमर केयर फ्रॉड सहित विभिन्न साइबर अपराधों के तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई.
इस अवसर पर नागरिकों से अपील की गई कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम/डेबिट कार्ड का विवरण, सीवीवी या पासवर्ड साझा न करें. किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा ऑनलाइन लेनदेन करते समय पूरी सतर्कता एवं सावधानी बरतें. यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है, तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930पर कॉल करें अथवा पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर पीड़ित की सहायता सुनिश्चित की जा सके.
साइबर क्राइम ब्रांच द्वारा नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया.
