अल्पवर्षा- खरीफ के बाद अब रबी फसलों पर संकट के बादल

शाजापुर, जिले में इस साल कम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. सामान्य बारिश के मुकाबले जिले में काफी कम वर्षा दर्ज की गई है. इसका असर खरीफ की फसलों पर तो पड़ा ही है वहीं अब रबी की बोवनी और सिंचाई को लेकर भी संकट गहराने लगा है. हालांकि कृषि विभाग का मानना है कि भले ही चुनौती है लेकिन इससे निपटने की उसकी पूरी तैयारी है.

जिले में इस साल मानसून किसानों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया, आंकड़ों के मुताबिक जिले में सामान्य बारिश 905.9 मिलीमीटर के मुकाबले महज 730 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. यानी सामान्य से करीब 22 प्रतिशत कम बारिश हुई है. प्रदेश के कम बारिश वाले 12 जिलों में शाजापुर भी शामिल रहा है. कम बारिश का असर खेती किसानी पर साफ दिखाई दे रहा है. खरीफ सीजन में सोयाबीन और मक्का जैसी फसलों को नुकसान की आशंका है. वहीं अब किसानों के सामने रबी सीजन की बोवनी और फसलों की सिंचाई की चुनौती खड़ी हो गई है. किसानों की चिंता है कि अगर जलाशयों में पर्याप्त पानी नहीं रहा तो गेहूं और चने जैसी रबी की फसलों को पर्याप्त सिंचाई मिलना मुश्किल हो जाएगा. ऐसे में खरीफ के बाद रबी सीजन भी प्रभावित होने की आशंका है. उपसंचालक नितेश कुमार यादव का कहना है कि शाजापुर जिले में इस बार औसत से कम बारिश हुई है जो एक बड़ी चुनौती है. हालांकि इस चुनौती से निपटने का दावा भी उनके द्वारा किया जा रहा है. उपसंचालक नीतीश कुमार यादव ने कहा कि वर्तमान में जो बारिश की स्थिति है उसे देखते हुए किसानों द्वारा ऐसी फसलों की बुवाई की जा रही है जिसमें पानी कम लगता हो, वही गेहूं की फसलों की भी ऐसी किस्म को बोया जा रहा है जिसमें पानी की जरूरत कम लगे हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह के हालात हैं उस पर नजर बनाए हुए हैं.

पेयजल के लिए भी खड़ा हो सकता है संकट

यह हालात पूरे जिले के हैं, इनमें केवल कालापीपल और शुजालपुर के हालात कुछ ठीक है. किसानों की माने तो फसलों के लिए ही नहीं बल्कि पीने के पानी के भी अभी से परेशानी खड़ी होने लगी है. किसानों का कहना है कि अब नर्मदा के जल से ही उम्मीद है कि जल्द से जल्द लाईन का काम पूरा हो और इस संकट से निजात मिले.

चीलर बांध में महज 14 फीट ही हुआ जल भराव

नगर के एकमात्र पेयजल स्त्रोत चीलर बांध में भी 23 फीट क बजाए 14 फीट ही भर पाया है, जो वर्ष भर के लिए पेयजल के लिए तो पर्याप्त है लेकिन इस बार किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं दिया जा सकेगा, यानि कि जिला मुख्यालय पर भी अल्पवर्षा की मार साफ दिखाई दे रही है. अब देखना है प्रशासन इन हालातों से कैसे निपटता है.

Next Post

टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड: एसआईटी को झटका, शराब लाइसेंसी पार्टेंद्र की मिली सिर्फ 2 दिन की रिमांड

Sat Nov 14 , 2026
खातेगांव। टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड की जांच में जुटी एसआईटी को शनिवार को उस समय झटका लगा, जब मामले में कई दिनों से फरार चल रहे कंपोजिट शराब दुकान टिमरनी के लाइसेंसी पार्टेंद्र जायसवाल की पुलिस रिमांड महज दो दिन की मिली। एसआईटी ने आरोपी से पूछताछ के लिए न्यायालय […]

You May Like