टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड: एसआईटी को झटका, शराब लाइसेंसी पार्टेंद्र की मिली सिर्फ 2 दिन की रिमांड

खातेगांव। टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड की जांच में जुटी एसआईटी को शनिवार को उस समय झटका लगा, जब मामले में कई दिनों से फरार चल रहे कंपोजिट शराब दुकान टिमरनी के लाइसेंसी पार्टेंद्र जायसवाल की पुलिस रिमांड महज दो दिन की मिली। एसआईटी ने आरोपी से पूछताछ के लिए न्यायालय से सात दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन आरोपी के अधिवक्ता के मुताबिक न्यायालय ने दो दिन की पुलिस कस्टडी मंजूर की है। आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच खातेगांव न्यायालय में पेश किया गया। अब एसआईटी के पास पूछताछ के लिए 16 नवंबर शाम 4 बजे तक का समय है।

आत्मसमर्पण के आवेदन के बाद न्यायालय में पेशी-

जानकारी के अनुसार, आरोपी पार्टेंद्र जायसवाल की ओर से उसके अधिवक्ता ने न्यायालय में आत्मसमर्पण का आवेदन प्रस्तुत किया था। इसके बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। एसआईटी ने पूछताछ के लिए सात दिन की पुलिस रिमांड की मांग रखी थी, ताकि हत्याकांड से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर उससे पूछताछ की जा सके। हालांकि, न्यायालय ने दो दिन की रिमांड दी। इस दौरान आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में रखकर पूछताछ की जाएगी।

मीडिया के सवालों पर चुप्पी, गर्दन झुकाकर पुलिस वैन में बैठा-

न्यायालय में पेशी के बाद जब एसआईटी की टीम आरोपी को बाहर लेकर आई तो मीडिया ने उससे हत्याकांड में अपनी भूमिका और फरारी को लेकर सवाल किए। हालांकि, पार्टेंद्र ने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। वह चुपचाप गर्दन झुकाए रहा। एसआईटी के सदस्य भी जल्दबाजी में उसे पुलिस वैन तक ले गए और वाहन में बैठाकर रवाना हो गए। उसकी खामोशी और सुरक्षा घेरे में हुई रवानगी ने न्यायालय परिसर में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।

राहुल जायसवाल से सात साल पुरानी जान-पहचान-

लाइसेंसी पार्टेंद्र जायसवाल मूल रूप से बड़वानी का रहने वाला है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वह राहुल जायसवाल को पिछले करीब सात वर्षों से जानता है। इसी परिचय के बाद वह शराब कारोबार से जुड़ा था। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान उसने राहुल जायसवाल के साथ शराब के कारोबार में साझेदारी की बात स्वीकार की है। घटना के अगले ही दिन उसे हत्याकांड की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद वह घबरा गया और मोबाइल बंद कर घर छोड़कर फरार हो गया था।

पूछताछ पर न्यायालय की सख्त शर्तें, होगी वीडियो रिकॉर्डिंग-

आरोपी के अधिवक्ता के मुताबिक, न्यायालय ने पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ को लेकर कुछ महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आरोपी के साथ किसी भी प्रकार का अमानवीय व्यवहार नहीं किया जाएगा। पुलिस अभिरक्षा के दौरान उसे अपने अधिवक्ता से मिलने की अनुमति रहेगी। इसके अलावा पुलिस द्वारा की जाने वाली पूछताछ की वीडियो रिकॉर्डिंग कर उसे सुरक्षित रखना होगा।

16 नवंबर शाम 4 बजे तक फिर न्यायालय में करना होगा पेश-

दो दिन की रिमांड के दौरान एसआईटी के सामने आरोपी से पूछताछ कर कई अहम सवालों के जवाब तलाशने की चुनौती रहेगी। शराब कारोबार में उसकी भूमिका, राहुल जायसवाल से संबंध, घटना की जानकारी मिलने के बाद फरारी और हत्याकांड से जुड़े अन्य संभावित कनेक्शन जांच के केंद्र में रहेंगे। न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को 16 नवंबर शाम 4 बजे तक दोबारा न्यायालय में पेश करना होगा। अब देखना होगा कि इन दो दिनों की पूछताछ में एसआईटी को हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए कितने अहम सुराग मिल पाते हैं।

Next Post

माही ने किया देवास का नाम रोशन- विधायक पवार

Sat Nov 14 , 2026
देवास। वॉटर स्पोर्टस (सेलिंग) स्पोर्टस जो कि समुद्री क्षेत्र में खेला जाता है, उसमें देवास की माही वर्मा ने देश का प्रतिनिधत्व करते हुए एशिया में 8वां स्थान प्राप्त किया है। माही इस खेल में देश की सबसे कम उम्र की खिलाड़ी है। माही ने अपनी शुरूआत वीर सावरकर पुष्कर […]

You May Like