रेलवे की विकास परियोजनाओं और सिंहस्थ तैयारियों पर मंथन

इंदौर: पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल कार्यालय में शुक्रवार को पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय और क्षेत्र के सांसदों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. बैठक में रेलवे की विभिन्न विकास परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने की.बैठक में महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने पश्चिम रेलवे और रतलाम मंडल में चल रहे विकास कार्यों, सुरक्षा उपायों तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी.

वहीं मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मंडल की उपलब्धियों, अधोसंरचना विकास, सुरक्षा प्रबंधन और भविष्य की योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा रखा. चर्चा के दौरान सांसदों और उनके प्रतिनिधियों ने रेलवे द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे. बैठक में इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना, डॉ. अंबेडकर नगर-ओंकारेश्वर आमान परिवर्तन कार्य, इंदौर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास, रतलाम-इंदौर वाया फतेहाबाद तथा उज्जैन-फतेहाबाद रेलखंड के दोहरीकरण जैसे विषय प्रमुखता से उठे. इसके अलावा विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव, रेल सेवाओं के विस्तार तथा इंदौर और उज्जैन से नई ट्रेनों के संचालन की मांगों पर भी चर्चा हुई. बैठक का एक महत्वपूर्ण विषय वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाला सिंहस्थ महापर्व रहा. जनप्रतिनिधियों ने सिंहस्थ से जुड़ी रेलवे परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि आयोजन के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें.

समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी
महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने सांसदों और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों तथा सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि सभी प्रस्तावों और मांगों की नियमानुसार समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी भी दी जाएगी. बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर के अलावा देवास सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, इंदौर सांसद शंकर लालवानी, खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. रेलवे प्रशासन की ओर से पश्चिम रेलवे मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं रतलाम मंडल के विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए.

Next Post

बंद बोरवेल बनेंगे रिचार्ज शाफ्ट, इंदौर में जल गंगा संवर्धन अभियान

Sat Jun 6 , 2026
इंदौर: जल संरक्षण के तहत इंदौर नगर निगम ने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत एक अभिनव पहल शुरू की है. महापौर पुष्यमित्र भार्गव और आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर शहर के बंद पड़े शासकीय बोरवेलों को रिचार्ज शाफ्ट में बदला जा रहा है.इस तकनीक से वर्षा जल को […]

You May Like