जावर। बीते दिनों ग्राम कजलास के एक मकान में लाखों रुपए के जेवरात व नगदी ले जाने वाले चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए माल बरामद किया है. आरोपियों में से एक ने उसी मकान में मिस्त्री का काम किया था और उसे पता कि कुछ दिन मकान सूना रहेगा. नतीजतन उसने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया.
गौरतलब है कि गत 6 दिसंबर को ग्राम कजलास निवासी अतुल जैन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह 2 दिसंबर को ग्वालियर शादी में गया था. वापस लौटने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था. अज्ञात आरोपियों द्वारा अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण एवं नगद राशि चोरी कर ली गई थी. लाखों रुपए की नगदी व सोने- चांदी के जेवरातों की चोरी को पुलिस ने संजीदगी से लेते हुए आरोपियों तलाश शुरू कर दी थी. जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, साइबर साक्ष्य एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया. इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम कजलास का मजदूर शादाब शाह घटना के बाद अत्यधिक खर्च कर रहा है. बाजार से नया मोबाइल एवं अन्य सामान खरीदता पाया गया,जबकि पहले उसकी आर्थिक स्थिति सामान्य थी. जिसके आधार पर उसे थाने लाकर पूछताछ की गई तो उसने सब कुछ उगल दिया. उसने बताया कि चोरी की वारदात को अपने ममेरे भाई सलमान उर्फ सुल्तान के साथ मिलकर अंजाम दिया था. चोरी के बाद उन्होंने माल और नगद राशि को आपस में बांट लिया था.
शादाब मिस्त्री का कार्य करता था और फरियादी अतुल जैन के घर का निर्माण कार्य उसी ने किया था. अतुल ने उसे बताया था कि वह चार दिन के लिए बाहर जा रहा है. इसी का फायदा उठाकर 03 दिसंबर की रात दोनों आरोपियों ने घर की नीची दीवार से चढ़कर छत पर लगे टीनशेड को हटाकर अंदर घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर चोरी की. चोरी के आरोपियों से लगभग 30 तोला सोना, लगभग 2.9 किलो चांदी एवं 1, लाख 24 हजार रुपए नगदी भी बरामद की गई है.
