संविधान की रक्षा और जातिवाद के खात्मे के लिए बहुजन समाज का एकजुट होना जरूरी

भोपाल। कांशीराम की जयंती रविवार को भोपाल में कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के आवास पर उत्साहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी टी.आर. अहिरवार ने की। इस अवसर पर वक्ताओं ने देश में बढ़ते “जातिवाद के जहर” पर चिंता व्यक्त करते हुए संविधान की रक्षा के लिए समाज के सभी वर्गों से एकजुट होने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग का स्वागत किया गया। डॉ. विक्रम चौधरी ने कहा कि कांशीराम को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित करना करोड़ों बहुजनों के संघर्ष और आत्मसम्मान को सच्ची मान्यता देना होगा।

अध्यक्षीय संबोधन में टी.आर. अहिरवार ने संविधानिक मूल्यों की रक्षा और लोकतांत्रिक आवाज़ों को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। वक्ताओं ने कांशीराम के सामाजिक न्याय के लिए किए गए आजीवन संघर्ष को भी याद किया और बताया कि उन्होंने वंचित समाज में जागरूकता फैलाने के लिए साइकिल से पूरे देश का दौरा किया था।

कार्यक्रम में कई सामाजिक कार्यकर्ता और युवा नेता उपस्थित रहे। अंत में महेश नंदमेहर ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

Next Post

बैरसिया रोड पर पुलिस का चेकिंग अभियान: 3 बसों के फिटनेस रद्द, 2 अवैध डंपर जब्त

Sun Mar 15 , 2026
भोपाल। गुनगा थाना इलाके में पुलिस ने बढ़ती सड़क दुर्घटना की रोकथाम के लिए भारी वाहनों की चेकिंग का अभियान चलाया. रविवार को पुलिस ने बसों और डम्परों की चैकिंग करते हुए 55 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की. पुलिस के मुताबिक अत्यधिक सड़क दुर्घटना होने वाले स्थानों दुपाड़िया सीएनजी पेट्रोलपंप […]

You May Like