मुंबई, 22 जुलाई (वार्ता) कच्चे तेल के दबाव में बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट रही और यह दो महीने से अधिक के निचले स्तर पर बंद हुआ।
अंतर बैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया आज 28 पैसे टूट गया और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 96.53 रुपये का बोला गया। यह 20 मई के बाद रुपया का निचला बंद स्तर है। बीच कारोबार में यह 96.60 रुपये प्रति डॉलर तक टूट गया था।
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 11 पैसे की मजबूती के साथ 96.25 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी। रुपये की शुरुआत आज नौ पैसे की गिरावट के साथ 96.36 रुपये प्रति डॉलर पर हुई और कुछ ही देर में यह 96.26 रुपये प्रति डॉलर तक टूट गया। हालांकि इसके बाद इसका ग्राफ लगातार नीचे की तरफ उतरता गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल में आज तेजी रही। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा 4.5 प्रतिशत चढ़कर 95 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। इससे रुपये पर दबाव रहा।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने आज भारतीय पूंजी बाजार में 153.64 करोड़ डॉलर का शुद्ध निवेश किया। इससे रुपये को समर्थन मिला और इसकी गिरावट सीमित रही।
