रायसेन: जिले के बाड़ी थाना पुलिस ने अंधे हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी देवीराम पाल (60) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे और एसडीओपी नीलम चौधरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार 1-2 मार्च 2026 की रात अज्ञात आरोपी ने कांतिबाई पाल और चिंतेश पाल पर जानलेवा हमला किया था।
गंभीर रूप से घायल कांतिबाई पाल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चिंतेश पाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी देवीराम पाल को गिरफ्तार कर लिया।आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया खनीता (छोटा फावड़ा) भी बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी हत्या और मारपीट जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
