छतरपुर: जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम: शिवाय अरजरिया ने शिक्षा व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए शासकीय स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर उन्होंने तत्काल कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उनकी इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक शाला चौकीपुरवा में सभी बच्चे अनुपस्थित मिले, जबकि प्रभारी प्रधानाध्यापक धनीराम प्रजापति अकेले कक्षा में बैठे पाए गए। साथ ही मध्याह्न भोजन व्यवस्था में भी कमी पाई गई। इस गंभीर लापरवाही पर सीईओ के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने धनीराम प्रजापति को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
इसके बाद टीम ने शासकीय माध्यमिक शाला कलानी का निरीक्षण किया, जहां प्रभारी प्रधानाध्यापक राखी भारती द्वारा हाफ टाइम में ही छुट्टी घोषित कर दी गई थी और बच्चे भोजन कर घर जा चुके थे। हाजिरी में भी अनियमितता पाए जाने पर सीईओ ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि राखी भारती के निलंबन का प्रस्ताव तैयार कर संयुक्त संचालक लोक शिक्षा सागर को भेजा जाए। साथ ही अधिकारियों को स्कूलों में नियमित निरीक्षण कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए गए।
