
टमसार( सीधी )।ग्राम बकवा में चल रहे सुपर लीग सीजन-3 क्रिकेट टूर्नामेंट का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में थनहवा टोला की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चंदोही डोल को 6 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। इस पूरी प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया था।
समापन समारोह एवं फाइनल मुकाबला अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह मोनू के मुख्य आतिथ्य, तिलकराज सिंह मुखिया के विशिष्ट आतिथ्य तथा ग्राम पंचायत सरपंच प्रेमवती बैगा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि कृष्णपाल सिंह मोनू ने विजेता और उपविजेता दोनों टीमों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जो आज हारे हैं, वे कल जरूर जीतेंगे। आप हारे नहीं हैं, बल्कि दोनों ही टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया है। आने वाले समय में इस टूर्नामेंट को और भी भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
विशिष्ट अतिथि तिलकराज सिंह मुखिया ने खेल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल आपसी मेलजोल और जान-पहचान बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों को संदेश दिया कि मैदान में जीत हासिल करने से पहले अपनी खेल भावना से दर्शकों का दिल जीतना अधिक महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
फाइनल मैच के दौरान भाजपा उपाध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, जगन्नाथ जायसवाल, शिवविजय यादव, गंगा सिंह चौहान, रामप्रसाद साकेत, रणबहादुर सिंह, रामनंदन यादव, राजबहादुर सिंह, राजपाल सिंह और कृष्णकुमार कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
