जनसुनवाई में पारिवारिक विवाद और जमीनों की धोखाधड़ी के मामले ज्यादा 79 आवेदकों की शिकायतें सुन पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को दिए तुरंत निराकरण के निर्देश


इंदौर. पुलिस कमिश्नर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में पारिवारिक विवाद, पैसों के लेन-देन और जमीन-मकान से जुड़ी धोखाधड़ी की शिकायतें सबसे ज्यादा पहुंचीं. जनसुनवाई में 79 आवेदकों ने अपनी समस्याएं रखीं. पुलिस कमिश्नर ने एक-एक आवेदक की शिकायत सुन संबंधित अधिकारियों को जल्द और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए.
जनसुनवाई में पति और सास ससुर द्वारा प्रताड़ित किए जाने, बहू पर झूठा केस दर्ज कराने के आरोप, पड़ोसियों से विवाद और महिला अपराध से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं. इसके अलावा प्लॉट, मकान, दुकान और जमीन पर कब्जे तथा धोखाधड़ी के मामले लेकर भी लोग पहुंचे. कुछ आवेदकों ने पैसों के लेन देन में धोखाधड़ी, किराए पर कार लेकर वापस नहीं करने, वाहन या उसकी राशि नहीं लौटाने और इंटर्नशिप की सैलरी नहीं मिलने की शिकायत की. वहीं, कुछ लोगों ने पहले शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं होने की बात भी अधिकारियों के सामने रखी. पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर और फोन के माध्यम से भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निराकरण तुरंत और निष्पक्ष तरीके से किया जाए. जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी सहित सभी जोन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. जनसुनवाई के अंत में पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने बताया कि पारिवारिक और आपसी विवादों में पुलिस कार्रवाई के साथ मध्यस्थता केंद्रों के जरिए भी समाधान की कोशिश की जा रही है. यहां काउंसलिंग के माध्यम से दोनों पक्षों को सुनकर विवादों का शांतिपूर्ण निराकरण कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि मामलों को अनावश्यक रूप से लंबा खींचने से बचाया जा सके.

.....

Next Post

पुलिसिंग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 पुलिसकर्मी सम्मानित

Tue Nov 17 , 2026
इंदौर. पुलिस कमिश्नर ने मंगलवार को पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 पुलिस अधिकारी कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया. इनमें सोशल मीडिया पर पुलिस के कार्यों का प्रचार, वांछित आरोपी की गिरफ्तारी, तुरंत विवेचना, हिट एंड रन के पुराने मामले का […]

You May Like