
इंदौर. पुलिस कमिश्नर ने मंगलवार को पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 पुलिस अधिकारी कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया. इनमें सोशल मीडिया पर पुलिस के कार्यों का प्रचार, वांछित आरोपी की गिरफ्तारी, तुरंत विवेचना, हिट एंड रन के पुराने मामले का खुलासा और साइबर अपराधों पर कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मी शामिल हैं.
सम्मानित होने वालों में निरीक्षक नितिन निंगवाल, आरक्षक प्रशांत मंडलोई, आशीष मिश्रा, उपनिरीक्षक सचिन आर्य, आरक्षक कुलदीप गर्कल, प्रधान आरक्षक ब्रजेश सेंगर, प्रधान आरक्षक देवेंद्र जादौन, राजीव यादव, आरक्षक राहुल जाट, प्रमोद गिल, अभिषेक सिंह और योगेश कुमार शामिल हैं. वहीं, कमिश्नरेट की मूल्यांकन प्रणाली में अक्टूबर माह में विभिन्न मापदंडों पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले थाना लसूड़िया के टीआई राजकुमार यादव, आरक्षक नीलेश मल्होत्रा और वीरेंद्र कुमार शर्मा को भी सम्मानित किया. कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आरके सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
