भोपाल की पिच एशियन गेम्स से बेहतर, भारतीय हॉकी कोच शोर्ड मारिन ने की तारीफ; 19 नवंबर से महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज

भोपाल। भोपाल में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के आगाज की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। टूर्नामेंट शुरू होने में अब सिर्फ दो दिन बाकी हैं। नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मंगलवार को जापान, चीन और दक्षिण कोरिया की टीमों ने अपने अभ्यास सत्र पूरे किए। जापान की टीम ने दोपहर 12:10 से 1:10 बजे तक, चीन ने 2:10 से 3:10 बजे तक और दक्षिण कोरिया ने 3:30 से 4:30 बजे तक अभ्यास किया। इसके बाद मेजबान भारतीय महिला हॉकी टीम मैदान पर अभ्यास में जुटी।
भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने भोपाल की पिच की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि यहां गेंद अच्छी तरह लो रहती है और पिच पर ज्यादा उछाल नहीं है। एशियन गेम्स में मिली पिच के मुकाबले भोपाल का मैदान भारतीय टीम के लिए काफी बेहतर है। उन्होंने इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को खूबसूरत बताते हुए यहां विकसित की गई खेल सुविधाओं की भी सराहना की।
कोच मारिन ने भोपाल से अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने साल 2017 में भोपाल में ही अपना पहला कैंप किया था। उस समय के मुकाबले अब शहर में खेल सुविधाओं के लिहाज से काफी बदलाव आया है। भारतीय टीम रविवार को भोपाल पहुंची थी और यहां की व्यवस्थाओं से संतुष्ट है।
भारतीय टीम की तैयारियों को लेकर मारिन ने बताया कि खिलाड़ियों ने बेंगलुरु में कड़ी ट्रेनिंग की है। इस दौरान कुछ नई खिलाड़ियों को मौका दिया गया और कुछ खिलाड़ियों को उनकी नियमित पोजिशन से अलग दूसरी पोजिशन पर भी आजमाया गया। टीम में रोटेशन के प्रयोग किए गए, ताकि टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ियों को अलग-अलग भूमिकाओं के लिए तैयार किया जा सके। कोच ने खिलाड़ियों की फिटनेस और टीम की तैयारियों पर संतुष्टि जताई।
भारतीय महिला टीम ने सोमवार को जापान के खिलाफ अभ्यास मैच खेला था, जिसमें भारत ने 4-1 से शानदार जीत दर्ज की। पूजा साहू ने पेनल्टी कॉर्नर से दो गोल किए, जबकि नवनीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग ने एक-एक फील्ड गोल किया। कोच मारिन ने टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताई, हालांकि उन्होंने पहले अभ्यास मैच के बाद कुछ पहलुओं में सुधार की जरूरत भी बताई।
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 19 से 28 नवंबर 2026 तक भोपाल में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में भारत, जापान, चीन, दक्षिण कोरिया समेत कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमें नए मैदान और यहां की परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने में जुटी हैं।

.....

Next Post

दिवंगत प्रधान आरक्षक के बेटे को मिली अनुकंपा नियुक्ति

Tue Nov 17 , 2026
इंदौर. सेवाकाल के दौरान दिवंगत हुए प्रधान आरक्षक महेशचंद्र धाकड़ के बेटे आकाश धाकड़ को अनुकंपा नियुक्ति के तहत इंदौर पुलिस में आरक्षक के पद पर नियुक्त किया है. मंगलवार को पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने उन्हें नियुक्ति प्रमाण पत्र सौंपा और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. आवश्यक सत्यापन […]

You May Like