सिंगरौली: गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि जिले में हुई भीषण बारिश के बीच हर्रहवा क्षेत्र स्थित रिलायंस पावर प्लांट के ऐश डेम के तटबंध में क्रैक आने से राखड़युक्त पानी आसपास के खेतों में फैल गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। राखड़ के बहाव से कृषि भूमि और फसलों को नुकसान पहुंचने के साथ जलस्रोतों के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने ऐश डेम की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तत्काल जांच की मांग की है।
ग्रामीणों के मुताबिक ऐश डेम से निकला राखड़युक्त पानी खेतों तक पहुंच गया, जिससे कई स्थानों पर राखड़ जमा हो गया है। प्रभावित ग्रामीणों ने नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने तथा राखड़ के बहाव को तत्काल रोकने की मांग की है।
गौरतलब है कि अप्रैल 2020 के पहले सप्ताह में इसी क्षेत्र में ऐश डेम टूटने से भयावह हादसा हुआ था। उस घटना में आधा दर्जन लोगों की मौत हो गई थी और सैकड़ों मवेशी बह गए थे। सैकड़ों एकड़ खेतों में राखड़ जमा होने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था।
ताजा घटना ने पुरानी त्रासदी की यादें ताजा कर दी हैं। ग्रामीणों की नजर अब प्रशासनिक जांच और कंपनी प्रबंधन की कार्रवाई पर.
