इंदौर: शहर के जोन-2 में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने निगरानी अभियान तेज कर दिया है. क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, जबकि ड्रोन पेट्रोलिंग, होटल चेकिंग और मोहल्ला बैठकों के माध्यम से पुलिस–जन सहयोग को और मजबूत किया जा रहा है.जोन-2 पुलिस ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के उद्देश्य से विशेष अभियान तेज कर दिया है.
निर्देशों के तहत गश्ती दलों की तैनाती बढ़ाई गई है और संभावित आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त टीमें सक्रिय की गई हैं. किसी भी संदेहास्पद सूचना पर तत्काल कार्रवाई की नीति अपनाई जा रही है. अभियान के दौरान नशा करने वालों, शराब के नशे में वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई की गई है. प्रतिबंधात्मक कार्रवाईयों के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों की बड़ी संख्या को थानों पर लाकर पूछताछ की गई. अभियान के परिणामस्वरूप 37 गुंडा चेक, 18 चाकूबाज चेक, 27 निगरानी बदमाश चेक और 41 संदिग्धों की थाने पर तस्दीक की गई.
कई हॉटस्पॉट और शैडो क्षेत्रों में विशेष चेकिंग भी की गई. सड़क सुरक्षा के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले 30 चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर वाहनों को जब्त किया. बिना नंबर प्लेट, तीन सवारी और अन्य यातायात उल्लंघनों पर भी 26 वाहनों को चालानी कार्रवाई का सामना करना पड़ा. सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वाले तीन लोगों पर भी प्रकरण बनाए. सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से और मजबूत बनाने के लिए क्षेत्र में ड्रोन पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है. इससे बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों की रियल-टाइम निगरानी संभव हुई है.
थाना स्तर पर भी लगातार ड्रोन ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं, लसूडिया, खजराना, विजय नगर, एमआईजी और परदेशीपुरा क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी के साथ पैदल गश्त और संदिग्धों की पूछताछ की गई. पुलिस–जन संवाद को भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है. जोन-2 के सभी थानों में मोहल्ला बैठकों और जन-संवाद कार्यक्रमों के जरिए निवासियों से सीधे चर्चा की जा रही है. इन कार्यक्रमों में सुरक्षा, नशा-नियंत्रण और अपराध रोकथाम पर जानकारी देने के साथ-साथ नागरिकों से सुझाव भी लिए जा रहे हैं. शिकायतों का त्वरित निदान कर लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत करने पर जोर दिया गया है.
नागरिकों को किसी भी घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने के लिए डायल-112 और क्राइम वॉच हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील भी की गई है. समग्र अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाना, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नियंत्रण रखना और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है. पुलिस ने दोहराया है कि समाज की सुरक्षा में जनता की सहभागिता अहम है और किसी भी सूचना को पूरी गोपनीयता के साथ लिया जाएगा
