
जबलपुर। गोहलपुर थाना अंतर्गत सारा सिटी में बेखौफ चोरों ने एक ही रात में दो सूने मकानों के ताले चटकाकर लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार सारा सिटी निवासी मोहसिन अंसारी छोटे साहब खान के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। दोनों परिवार घर में ताला लगाकर गए थे, लेकिन चोरों ने उनके सूने मकान की रेकी कर वारदात को अंजाम दे डाला। जब परिवार शादी से वापस लौटा तो घर के हालात देखकर पैरों तले जमीन खिसक गई। घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और अलमारियों के लॉकर टूटे हुए थे।
मोहसिन अंसारी के घर से चोरों ने अलमारी में रखे 90 हजार रुपये नकद और लगभग एक लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
छोटे साहब खान के घर से भी चोरों ने नकदी और गहनों समेत करीब ढाई लाख रुपये के माल पर हाथ साफ किया है। दोनों घरों से करीब साढ़े चार लाख रुपये से अधिक की चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
