श्रीकृष्ण पर टिप्पणी से भड़का यादव समाज, धीरेंद्र शास्त्री का पुतला फूंका

सीधी। अखिल भारतीय यादव महासभा सीधी ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर सीधी जिले में विरोध प्रदर्शन हुआ। अखिल भारतीय यादव महासभा के आह्वान पर यादव समाज और सनातन धर्म के अनुयायी कलेक्ट्रेट स्थित अंबेडकर चौक पर एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया और कार्रवाई की मांग उठाई।

यहां बताते चलें कि मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना करते हुए श्रीकृष्ण की त्रिभंग मुद्रा, बांसुरी बजाने की शैली और वृंदावन का उल्लेख किया था। उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद कृष्ण भक्तों और यादव समाज के लोगों ने आपत्ति जताई। विरोध बढ़ने पर धीरेंद्र शास्त्री ने सफाई देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण में भेद करना नहीं था। उन्होंने किसी की धार्मिक भावनाएं आहत होने पर क्षमा भी मांगी। इसके बावजूद सीधी में विरोध प्रदर्शन किया गया।

अखिल भारतीय यादव महासभा के जिलाध्यक्ष बाबूलाल यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। उनके जीवन, स्वरूप और लीलाओं को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कथा मंचों से दिए जाने वाले ऐसे बयानों से समाज में असंतोष पैदा होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भगवान श्रीकृष्ण के सम्मान और सामाजिक स्वाभिमान से जुड़े इस विषय पर यादव समाज चुप नहीं बैठेगा।

पुतला दहन के बाद प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां एसडीएम प्रिया पाठक को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उचित कार्रवाई करने तथा धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले बयानों पर रोक लगाने की मांग की गई।

महासभा ने दी चेतावनी 

महासभा ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने एकजुटता दिखाते हुए भगवान श्रीकृष्ण के सम्मान की रक्षा का संकल्प जताया।

Next Post

जनसुनवाई में 100 शिकायतें, प्लॉट-मकान की धोखाधड़ी और पारिवारिक विवाद के मामले ज्यादा

Tue Nov 3 , 2026
इंदौर. पुलिस कमिश्नर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में 100 लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं. इनमें पारिवारिक विवाद, पैसों के लेन-देन और प्लॉट-मकान व जमीन की धोखाधड़ी से जुड़े मामले सबसे अधिक रहे. सभी आवेदकों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई कर शिकायतों का निराकरण […]

You May Like