
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में इंडिया गठबंधन की जीत को ऐतिहासिक जनादेश बताते हुए कहा कि यह परिणाम प्रदेश में राजनीतिक परिवर्तन की शुरुआत है और वर्ष 2028 में जनकेंद्रित सरकार की नींव रखेगा।
उन्होंने दतिया की जनता, प्रदेशवासियों तथा कांग्रेस और सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत केवल एक उपचुनाव की सफलता नहीं, बल्कि लोकतंत्र की भावना की विजय है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में सत्तापक्ष ने सरकारी तंत्र और राजनीतिक संसाधनों का व्यापक उपयोग किया तथा वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों ने पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन मतदाताओं ने धनबल और सत्ता के प्रभाव को नकार दिया।
जीतू पटवारी ने इस विजय का श्रेय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुशासित और एक माह तक चले समर्पित अभियान को देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और प्रतिबद्धता ने पार्टी को यह सफलता दिलाई। उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव तथा समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि दतिया का जनादेश विकास, पारदर्शिता और जवाबदेह शासन की जनता की बढ़ती आकांक्षाओं को दर्शाता है। कांग्रेस इस जनादेश को किसानों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों, व्यापारियों और समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज को और अधिक मजबूती देने की जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करेगी।
