
सिंगरौली : जिले में अवैध उत्खनन एवं खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। खनि निरीक्षक अशोक मिश्रा ने 30 एवं 31 मई की संयुक्त कार्रवाई में रेत और गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए चार वाहनों को जप्त किया। लगातार तीन दिनों के भीतर यह विभाग की तीसरी बड़ी कार्रवाई है।
जांच के दौरान दो बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉलियां गिट्टी एवं रेत का परिवहन बिना वैध अभिवहन पास के करती हुई पाई गईं। दोनों वाहनों को जप्त कर थाना बरगवां की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया।
इसके अलावा ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक एमपी 66 ए 1684 तथा एक अन्य बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी अवैध रूप से रेत परिवहन करते पकड़ा गया। दोनों वाहनों को जप्त कर पुलिस चौकी जयंत में सुरक्षार्थ रखा गया है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी जप्त वाहनों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। लगातार हो रही ताबड़तोड़ कार्रवाई से यह संदेश साफ है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन अब किसी भी प्रकार की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। विभागीय कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में बेचैनी बढ़ गई है और खनिज क्षेत्र में सक्रिय माफियाओं के नेटवर्क पर भी दबाव बनता दिखाई दे रहा है।
