घर में टीवी तक नहीं था, आज खरीदी ₹15,000 करोड़ की टीम; जानें कौन है राजस्थान रॉयल्स के नए ओनर कैलाश सोमानी

वाशिम के कैलाश सोमानी ने रचा इतिहास! ₹15,286 करोड़ में खरीदी IPL की राजस्थान रॉयल्स टीम। संघर्ष से साम्राज्य तक की प्रेरणादायक कहानी, जिसने पूरी दुनिया को चौंका दिया।

15 अगस्त 1974 को वाशिम में जन्मे कैलाश सोमानी (काल सोमानी) ने जिस सफर की शुरुआत एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से की थी, वही सफर आज वैश्विक कारोबार की दुनिया में एक मजबूत पहचान बन चुका है।

एडटेक, डेटा प्राइवेसी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में खड़ा किया गया उनका व्यवसाय अब उस मुकाम पर है, जहां से उन्होंने राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) जैसी प्रतिष्ठित टीम को खरीदकर यह दिखा दिया है कि सही दिशा में बढ़ाया गया हर कदम, अंततः असाधारण उपलब्धियों तक ही पहुंचता है।

यह दृढ़ता और महत्वाकांक्षा की कहानी है। यह दृढ़ संकल्प और दूरदृष्टि से सपनों को साकार करने की कहानी है, लेकिन इन पंक्तियों से आगे एक और बड़ी सच्चाई छिपी है- रणनीति, जोखिम और उस सोच की, जो साधारण शुरुआत को असाधारण उपलब्धि में बदल देती है।

इंडियन प्रीमियर लीग में फ्रेंचाइजी खरीदने तक का उनका सफर सिर्फ प्रेरणादायक नहीं, बल्कि परिवर्तनकारी है। 1.63 अरब डॉलर (करीब 15,286 करोड़ रुपये) में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के अधिग्रहण के बाद वह वैश्विक खेल निवेशकों की विशिष्ट श्रेणी में शामिल हो गए हैं।

इसलिए खास है यह डील
राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) IPL की शुरुआती टीमों में से एक
पहले सीजन की विजेता टीम
ऐतिहासिक विरासत और मजबूत ब्रांड वैल्यू
टेक और स्पोर्ट्स के मेल का नया मॉडल

आर्थिक तंगी में बीता बचपन
सोमानी का बचपन एक मध्यमवर्गीय परिवार में बीता, जहां आर्थिक तंगी हकीकत थी। पिता नंदकिशोर सोमानी के असामयिक निधन के बाद महज 16 वर्ष की उम्र में उनके कंधों पर परिवार की जिम्मेदारी आ गई थी। इन कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने शिक्षा को अपना आधार बनाया।

वाशिम के मुलीबाई चरखा विद्यालय से स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद शेगांव स्थित संत गजानन महाराज कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से कंप्यूटर इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। क्रिकेट के प्रति गहरा लगाव होने के बावजूद उनके घर में टीवी तक नहीं था, लेकिन उन्होंने अपने सपनों को शिक्षा और कौशल विकास की दिशा में मोड़ा। यही निर्णय आगे चलकर उनकी सबसे बड़ी ताकत बना।

टर्निंग पॉइंट
2000 के दशक में अमेरिका का रुख
सीडर रैपिड्स (आयोवा) से करिअर की शुरुआत
नौकरी से उद्यमिता की ओर कदम
एरिजोना में सफल व्यवसाय स्थापित
उनके व्यावसायिक उपक्रम एडटेक, डेटा प्राइवेसी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस गवर्नेंस और स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक क्षेत्रों में फैले हुए हैं, जिसने उन्हें नवाचार की दुनिया में अग्रणी बना दिया है।
आज उनके उपक्रम में अमेरिका में 1,000 से अधिक और पुणे में 400 कर्मचारी कार्यरत हैं।
हैदराबाद में विस्तार की योजनाएं भी जारी हैं, जो उनके बढ़ते प्रभाव और भविष्य की दिशा को दर्शाती हैं।

जड़ों से जुड़ाव
वैश्विक सफलता के बावजूद काल सोमानी अपनी जड़ों से गहराई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने अकोला-नागपुर राजमार्ग पर तलेगांव शामजीपंत में क्रिकेट अकादमी स्थापित कर जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने का कार्य किया है। साथ ही वंचित छात्रों के लिए 1 करोड़ रुपये का योगदान देकर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराए हैं।

वर्तमान में वह अमेरिका में रहते हैं, जहां उनकी मां लीलादेवी भी उनके साथ रहती हैं। उनके बेटे अर्जुन ने अंडर-14 गोल्फ में विश्व चैंपियन बनकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। परिवार आज भी विदर्भ क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। उनकी बहन डॉ. रश्मि बजाज अकोला में निवास करती हैं, जबकि वाशिम के जवाहर कॉलोनी में उनका पुश्तैनी घर आज भी मौजूद है।

कहानी का संदेश
सफलता सिर्फ संसाधनों से नहीं, दृष्टि से तय होती है।
छोटे शहर सीमाएं नहीं, संभावनाओं की शुरुआत होते हैं।
शिक्षा, धैर्य और जोखिम से बनती है बड़ी पहचान।

Next Post

ईरान के आईआरजीसी ने अमरीकी ड्रोन एमक्यू-9 गिराया

Sun Apr 5 , 2026
तेहरान 05 अप्रैल (वार्ता) ईरान में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने इस्फ़हान शहर के ऊपर एक अमेरिकी ड्रोन एमक्यू-9 रीपर को मार गिराया है। प्रेस टीवी ने आईआरजीसी के एक बयान का हवाला देते हुए यह रिपोर्ट दी है। इससे पहले, ईरान के खातम अल-अंबिया सैन्य कमांड के केन्द्रीय […]

You May Like