जबलपुर: सड़ांध मारता हुआ कचरे का ढेर, संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरे के बीच इन दिनों महाराणा प्रताप वार्ड अंतर्गत भूकंप कॉलोनी के रहवासी रहने मजबूर हो चुके हैं।
आलम ये है कि करीब 1 माह से कचरे का ढ़ेर यहां जमा हुआ है और जिम्मेदारों द्वारा शिकायत के बावजूद इसे उठवाया नहीं गया है जिसको लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश पनपता जा रहा है। कचरे की ये तस्वीर अब तो जबलपुर को स्वच्छता में नंबर 1 पर ले जाने के जिम्मेदारों के तमाम दावों को भी खोखला साबित करते नजर आ रही है ।
जिम्मेदार कहते हैं अभी उपलब्ध नहीं है जेसीबी
वीरेंद्र शर्मा, वीरेंद्र ठाकुर, प्रकाश सगले, शुभम साहू ने नवभारत को बताया कि भूकंप कॉलोनी में पिछले 1 माह से कचरे का ढेर पड़ा हुआ है। इस संबंध में नगर निगम के जिम्मेदारों को कई बार अवगत कराया गया लेकिन आज तक कचरा साफ नहीं किया गया है। इन लोगों ने ये भी कहा कि बीट वाली गाड़ी के चालक से कचरा उठाने कहा जाता है तो वो कहता है कि उसके पास कोई हैल्पर नहीं है,
सफाई के जिम्मेदारों से कहा जाता है तो वो कहते हैं अभी जेसीबी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में लोगों को बहुत सी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।
इनका कहना है-
–भूकंप कॉलोनी व महाराणा प्रताप वार्ड में नियमित सफाई हो रही है। उसके बावजूद कहीं कोई शिकायत है तो सफाई अमले को भेजकर सफाई कराई जाएगी।
–संतोष माहौर, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक।
