त्योहारों को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, लांजी में होटलों और मिठाई दुकानों का निरीक्षण

बालाघाट:आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन बालाघाट द्वारा लांजी क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न होटलों और मिठाई दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं, कुछ प्रतिष्ठानों के किचन और स्टोर रूम में गंदगी एवं अस्वच्छता पाए जाने पर सुधार नोटिस जारी किए गए। एक जनरल स्टोर से लगभग दो हजार रुपये मूल्य की एक्सपायरी खाद्य सामग्री भी नष्ट कराई गई।
निरीक्षण के दौरान लांजी बस स्टैंड स्थित श्री नैवेद्यम होटल रेस्टोरेंट के किचन और स्टोर रूम में गंदगी एवं अस्वच्छता पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया। यहां से खोवा का पेड़ा, मगज के लड्डू और उपयोग किए जा चुके कुकिंग ऑयल के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए एकत्रित किए गए।
इसी तरह बस स्टैंड स्थित होटल शिवराज के किचन की स्थिति स्वच्छ पाई गई, लेकिन स्टोर रूम में गंदगी और अस्वच्छता मिलने पर सुधार नोटिस जारी किया गया। होटल से मैदा, कुकिंग ऑयल और खोवा पेड़ा के नमूने लिए गए। सुभाष चौक स्थित बीकानेर स्वीट्स से कलाकंद और मिल्क केक के नमूने जांच के लिए एकत्रित किए गए।
लांजी बस स्टैंड स्थित ओम जनरल स्टोर्स की जांच के दौरान लगभग दो हजार रुपये मूल्य की एक्सपायरी खाद्य सामग्री पाई गई, जिसका विनष्टीकरण कराया गया। खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता न करें तथा गुणवत्ताहीन और एक्सपायरी खाद्य सामग्री का विक्रय न करें।
भानेगांव स्थित ठाकरे होटल के किचन में गंदगी एवं अस्वच्छता पाए जाने पर सुधार नोटिस जारी किया गया। यहां से मावा पेड़ा और नमकीन सेव के नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं, बीकानेरी राजपुरोहित स्वीट्स से कलाकंद और मिल्क केक के नमूने एकत्रित किए गए।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा सभी एकत्रित खाद्य नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच में नमूने अमान पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, जारी किए गए नोटिस के जवाब और सुधार की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा खाद्य पदार्थों के रखरखाव, स्वच्छता और गुणवत्ता संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। लांजी एवं भानेगांव में यह कार्यवाही खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेश कुमार डोंगरे एवं श्रीमती गीता टांडेकर द्वारा की गई है।

Next Post

सहुआर में भैंस से टकराई बाइक, दो लोग गंभीर घायल

Mon Oct 26 , 2026
सिंगरौली/ ग्राम पंचायत सहुआर में सड़क पर अचानक भैंस आ जाने से बाइक सवार दो लोग दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। एक घायल का हाथ फैक्चर होने की बात सामने आई है, जबकि दूसरे की पसली टूटने की आशंका जताई जा रही […]

You May Like