सीधी: जिले के चुरहट क्षेत्र में शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बुल्डोजर कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जा हटाया। एसडीएम चुरहट विकास कुमार आनंद स्वयं मौके पर पहुंचे और पुलिस बल तथा राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में प्रशासनिक सख्ती देखने को मिली। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सलैया स्थित शासकीय आराजी खसरा क्रमांक 47, कुल रकबा 0.050 हेक्टेयर में से 0.010 हेक्टेयर भूमि पर राजराखन तिवारी पिता गिरवरधारी तिवारी निवासी सलैया द्वारा बाड़ लगाकर कब्जा कर लिया गया था।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पटवारी हल्का सलैया द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसके आधार पर मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता 1959 की धारा 248 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। प्रकरण में अतिक्रमणकारी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। नोटिस के बाद अनावेदक उपस्थित तो हुआ, लेकिन उसने कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया। वहीं प्रकरण में संलग्न पटवारी प्रतिवेदन और अन्य दस्तावेजों के परीक्षण के बाद यह प्रमाणित हुआ कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है।
इसके बाद एसडीएम विकास कुमार आनंद ने आदेश जारी करते हुए अतिक्रमणकारी पर 1000 रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया और सरकारी भूमि से बेदखल करने के निर्देश दिए। आदेश के पालन में प्रशासनिक अमला तुरंत हरकत में आया। एसडीएम स्वयं नायब तहसीलदार सुषमा रावत, पुलिस बल, राजस्व निरीक्षक, पटवारी एवं अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कराई। कार्रवाई के दौरान सरकारी भूमि पर की गई बाड़ को हटाया गया और जमीन को पुन: शासन के कब्जे में लिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हडक़ंप की स्थिति रही। स्थानीय लोगों ने भी सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई को सराहा।
इनका कहना है –
शासकीय भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विकास कुमार आनंद, एसडीएम चुरहट
