जबलपुर। बरगी थाना अंतर्गत जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में रहने वाले एक शिक्षक के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। परिवार के दिवाली मनाने तमिलनाडु जाने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने क्वार्टर की तिजोरी साफ कर दी। तिजोरी से सोने, चांदी और बेशकीमती हीरे के आभूषण चोरी हो गए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि माढ़ोताल निवासी जयंत भट्टाचार्य (59) बरगीनगर नवोदय विद्यालय में शिक्षक हैं। वे अपनी पत्नी सुस्मिता भट्टाचार्य के साथ दिवाली की छुट्टियां मनाने तमिलनाडु में रहने वाली अपनी बेटी सुनेनी के घर गए थे। इसी दौरान उनके सूने क्वार्टर में इस वारदात को अंजाम दिया गया।
