सिंगरौली/ ग्राम पंचायत सहुआर में सड़क पर अचानक भैंस आ जाने से बाइक सवार दो लोग दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। एक घायल का हाथ फैक्चर होने की बात सामने आई है, जबकि दूसरे की पसली टूटने की आशंका जताई जा रही है। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर बैढ़न रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत चरकी निवासी बाबूलाल सिंह गौड़ पिता ललन सिंह गौड़ अपने साथी रामलाल बैगा पिता सत्यालाल बैगा के साथ बाइक से देवसर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान ग्राम पंचायत सहुआर के पास सड़क पर अचानक भैंस आ जाने से बाइक की उससे टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना में बाबूलाल सिंह गौड़ के हाथ में गंभीर चोट आई, जिससे हाथ फैक्चर हो गया। वहीं, रामलाल बैगा को अंदरूनी चोटें आई हैं। उनकी पसली टूटने की आशंका भी जताई जा रही है। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रामा सेंटर बैढ़न रेफर कर दिया।
तेज रफ्तार और सड़क पर पशुओं की मौजूदगी बनी चिंता
प्रारंभिक जानकारी में तेज रफ्तार और अचानक भैंस के सामने आ जाने को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है। सड़क पर खुले घूमते पशु वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं।
