2029 तक संगठित अपराध पर पूरी तरह अंकुश का लक्ष्य : डॉ मोहन यादव

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को इंदौर पहुंचे। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने प्रदेश में संगठित अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ सरकार की रणनीति को लेकर बड़ा बयान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2029 तक संगठित अपराध पर पूरी तरह प्रभावी अंकुश लगाना है।

डॉ. यादव ने हाल ही में इंदौर में सात राज्यों के डीजीपी की बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि अंतरराज्यीय अपराध पर प्रभावी कार्रवाई के लिए राज्यों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। नशे के कारोबार और संगठित अपराध से जुड़े गिरोह कई राज्यों में नेटवर्क संचालित करते हैं। ऐसे में सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त कार्रवाई के जरिए इनके नेटवर्क को तोड़ने में मदद मिलेगी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस ने संगठित अपराध और नशे के नेटवर्क से जुड़े कई गिरोहों पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सरकार का फोकस केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराध के पूरे नेटवर्क और उसकी सप्लाई चेन को ध्वस्त करने पर है।

 

उन्होंने कहा कि सात राज्यों के बीच समन्वय मजबूत होने से अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने और एक राज्य से दूसरे राज्य तक फैले नेटवर्क पर कार्रवाई करना आसान होगा। सरकार नशे के अवैध कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान को लगातार तेज कर रही है।

 

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि राज्यों के बीच बेहतर तालमेल से संगठित अपराध और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में और सफलता मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Next Post

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में लापरवाही पर परियोजना अधिकारी निलंबित

Sat Aug 8 , 2026
सीधी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने सीधी जिले के परियोजना अधिकारी रामपुर नैकिन-2 एवं अतिरिक्त प्रभार रामपुर नैकिन-1 शिवानंद शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश […]

You May Like