मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में लापरवाही पर परियोजना अधिकारी निलंबित

सीधी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने सीधी जिले के परियोजना अधिकारी रामपुर नैकिन-2 एवं अतिरिक्त प्रभार रामपुर नैकिन-1 शिवानंद शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत की गई है। 7 अगस्त को रामपुर नैकिन विकासखंड के पटना क्लस्टर अंतर्गत ग्राम पंचायत पटना, मझिगवां, पिपराव एवं बूढ़गौना में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविर आयोजित किए गए थे। इन शिविरों में लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद परियोजना अधिकारी द्वारा प्रकरणों के निराकरण में घोर लापरवाही एवं उदासीनता बरती गई। निलंबन अवधि में शिवानंद शुक्ला का मुख्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, सीधी निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

कमिश्नर ने सभी विभागों के अधिकारियों को चेतावनी दी है कि 7 अगस्त 2026 से प्रारंभ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, जो 8 जनवरी 2027 तक चलेगा, के अंतर्गत शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक शत-प्रतिशत पहुंचाना सुनिश्चित करें। आमजन की शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Next Post

सूखे कुएं में गिरा भालू , तीन प्रयास में सफल हुआ रेस्क्यू

Sat Aug 8 , 2026
सीधी। संजय टाइगर रिजर्व के ब्यौहारी बफर रेंज अंतर्गत मझौली बीट के धनौली गांव में शुक्रवार की सुबह एक सूखे कुएं में गिरे भालू का टाइगर रिजर्व की टीम ने सूझबूझ और सतर्कता के साथ सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे ग्राम सरपंच से सूचना मिलने के बाद […]

You May Like