
सीधी।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ० बबिता खरे ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जिला सीधी को “क्लब फुट मुक्त जिला” घोषित किया गया है। यह उपलब्धि जिला सीधी द्वारा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 0-18 वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार के लिए किए गए प्रयासों का परिणाम है।
बताया गया कि जिला सीधी ने 31 मार्च 2025 तक 2-18 वर्ष तक के क्लबफुट से ग्रसित बच्चों की सर्जरी कराकर जिले को “क्लब फुट मुक्त जिला” घोषित किया है। यह उपलब्धि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा टीम के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। मिशन संचालक डॉ. सलोनी सिडाना ने जिला सीधी की इस उपलब्धि की सराहना की है। उन्होंने कहा कि जिला सीधी द्वारा किए गए जागरूकता कार्यक्रम, समयबद्ध पहचान, समुचित उपचार और सतत निगरानी के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग बधाई के पात्र हैं।यह उपलब्धि न केवल अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि राज्य स्तर पर सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में भी एक उल्लेखनीय योगदान है। मिशन संचालक ने जिला सीधी को पुनः हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। डॉ. सलोनी सिडाना ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी जिला सीधी द्वारा इस तरह की पहल निरंतर जारी रहेगी।
