नारी सम्मान-सुरक्षा,नशामुक्ति,स्वच्छता,पर्यावरण संस्कृति के संरक्षण के अभियान से जुड़े लोग: विहिप

नयी दिल्ली 29 अगस्त (वार्ता) विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने दिल्लीवासियों से नारी सम्मान और सुरक्षा, नशामुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण के अभियानों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। विहिप इंद्रप्रस्थ प्रांत की ओर से शनिवार को यहां पर पत्रकार मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विहिप की प्रांत प्रमुख पासना अरोड़ा, प्रांत मंत्री सुनील सूरी, प्रांत प्रचार-प्रसार प्रमुख संजीव कुमार सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। इस दौरान संवाददाताओं से बातचीत में विहिप नेताओं ने राजधानी के

तिलक नगर क्षेत्र में हाल में घटित हुई घटना का उल्लेख करते हुए प्रदेश सरकार एवं दिल्ली पुलिस से राजधानी के सभी जिम प्रशिक्षकों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिम जैसे स्थानों पर बड़ी संख्या में युवा एवं किशोर-किशोरियां आते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिम संचालकों और प्रशिक्षकों का सत्यापन आवश्यक है। संगठन ने कहा कि बजरंग दल के कार्यकर्ता जन-जागरूकता के उद्देश्य से दिल्ली के जिमों में जाकर सुरक्षा और सत्यापन संबंधी जानकारी जुटाने के लिए अभियान चलाएंगे।

श्रीमती अरोड़ा ने कहा कि बालिकाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि दुर्गा वाहिनी और मातृ शक्ति द्वारा 15 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाओं और युवतियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने युवतियों को सोशल मीडिया तथा ऑनलाइन परिचय के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी तथा पहचान छिपाकर मित्रता करने जैसी परिस्थितियों के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता बतायी।

हाल में सामने आए मुस्कान हत्याकांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विहिप के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से भेंट कर संवेदना व्यक्त की तथा सहयोग का आश्वासन दिया है। दिल्ली में नारी सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा। इस दौरान श्री सूरी ने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “सितंबर माह में बजरंग दल के वार्षिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत विशेष युवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा, जिसका सूत्र वाक्य ‘न नशा करेंगे, न करने देंगे’होगा
कार्यकर्ता नशे से संबंधित संदिग्ध गतिविधियों अथवा अड्डों की जानकारी संबंधित प्रशासन एवं पुलिस तक पहुंचाने के लिए जन-जागरूकता का कार्य करेंगे।”

उन्होंने बताया कि इसके साथ ही दिल्ली में संचालित 300 से अधिक हनुमान चालीसा पाठ केंद्रों के माध्यम से प्रत्येक मंगलवार को युवाओं को मंदिरों और धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विहिप दिल्ली प्रांत द्वारा मंदिरों और धार्मिक स्थलों की स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए भी जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान की प्रगति की जिलावार रिपोर्ट तैयार की जाएगी। विभिन्न स्थानों पर प्रभावी रूप से संचालित स्वच्छता मॉडलों का अध्ययन कर उन्हें अन्य मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर लागू करने का प्रयास किया जाएगा।

तीर्थ क्षेत्रों में प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने, प्लास्टिक-मुक्त वातावरण और पर्यावरण-अनुकूल वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने तथा स्थानीय नगर निगम एवं पार्षदों के सहयोग से स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा। श्री सूरी ने बताया कि इस साल विहिप के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंघल का जन्म शताब्दी वर्ष है और इसे विहिप धूमधाम से मनाने की तैयारी में है। इस अवसर पर एक साल तक देशभर में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के अंतर्गत सर्वपंथ संत सम्मेलन, गौ-रक्षा, सामाजिक समरसता, सेवा कार्य तथा अभावग्रस्त बस्तियों में संतों के प्रवास जैसे कार्यक्रमों को प्रमुखता दी जाएगी।

इन अभियानों का उद्देश्य समाज में सेवा, समरसता, संस्कार एवं सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना है। विहिप ने दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास मांस और मदिरा की बिक्री पर रोक संबंधी दिशा-निर्देशों का स्वागत किया। संगठन ने कहा कि धार्मिक आयोजनों की पवित्रता तथा सामाजिक गरिमा बनाए रखने के लिए ऐसे आयोजनों के आसपास मांस एवं मदिरा की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है। विहिप ने पर्व के दौरान इस संबंध में और कड़े कदम उठाए जाने का सुझाव दिया।

.....

Next Post

सज्जन कुमार के घर जाने को लेकर नवीन ने कमलजीत, रामवीर और योगेंद्र को लगायी फटकार, मांगा जवाब

Sat Aug 29 , 2026
नयी दिल्ली, 29 अगस्त (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के दिल्ली के तीन लोकसभा सांसदों कमलजीत सहरावत, रामवीर सिंह बिधूड़ी और योगेंद्र चंदोलिया को फटकार लगायी है और 1984 के सिख-विरोधी दंगों के मामले में दोषी ठहराए गए कांग्रेस के दिवंगत सांसद सज्जन कुमार […]

You May Like