
खंडवा। रीवा में दो दिगम्बर जैन आर्यिका माताजी की सड़क दुर्घटना में हुई दर्दनाक मृत्यु के बाद जैन समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में सोमवार को सकल जैन समाज खंडवा ने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, मुख्यमंत्री, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के नाम तहसीलदार महेश सोलंकी और कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण आर्य को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
समाज के सचिव सुनील जैन ने बताया कि ज्ञापन में रीवा की घटना को केवल सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए इसे संदेहास्पद बताया गया है। समाज का कहना है कि उपलब्ध तथ्यों और वीडियो फुटेज से कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। समाज ने मांग की कि मामले की जांच विशेष जांच दल अथवा न्यायिक स्तर पर कराई जाए।
ज्ञापन के अनुसार 20 मई की सुबह करीब 6:30 बजे रीवा में जैन साध्वियां निहार क्रिया से लौट रही थीं, तभी तेज रफ्तार कार ने आर्यिका श्री श्रुतमति माताजी एवं आर्यिका श्री उपशममति माताजी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल दोनों साध्वियों का बाद में समाधि मरण हो गया।
सकल जैन समाज ने प्रशासन से घटना से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज, वीडियो क्लिप और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग भी की है, ताकि जांच प्रभावित न हो और सच्चाई सामने आ सके।
समाज के प्रतिनिधियों प्रेमांशु चौधरी, चंद्रकांत सांड और अन्य समाजजनों ने संतों की सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने मांग की कि विहाररत साधु-संतों के मार्गों पर पुलिस समन्वय, ट्रैफिक नियंत्रण, संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था तथा हाईवे पर चेतावनी संकेतक लगाए जाएं। साथ ही केंद्र सरकार से “राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति” लागू करने और पैदल विहार करने वाले संतों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा गाइडलाइन एवं एसओपी तैयार करने की मांग की गई।
समाजजनों ने कहा कि जैन साधु-संत पूर्णतः अहिंसक और निहत्थे होते हैं तथा आत्मरक्षा के लिए किसी साधन का उपयोग नहीं करते। ऐसे में उनके खिलाफ होने वाले अपराधों को “अति संवेदनशील” श्रेणी में रखा जाना चाहिए। प्रशासन और समाज के बीच बेहतर समन्वय के लिए “संत सिक्योरिटी कोऑर्डिनेशन सेल” गठित करने की मांग भी उठाई गई।
घटना के विरोध में सोमवार सुबह घंटाघर स्थित जैन कीर्ति स्तंभ से शांतिपूर्ण मौन रैली निकाली गई, जो बॉम्बे बाजार चौराहा और केवलराम पेट्रोल पंप चौराहा होते हुए कंट्रोल रूम पहुंची, जहां ज्ञापन सौंपा गया। रैली में बड़ी संख्या में पुरुषों के साथ मातृशक्ति भी शामिल रही।
इस अवसर पर समाज अध्यक्ष वीरेंद्र भटयांण, दिलीप पहाड़िया, अभय जैन, संजय जैन, पंकज छाबड़ा, विजय सेठी, नवनीत जैन, नितिन जैन, अशोक पालीवाल, सुनील जैन, सौभाग सांड, चंद्रकांत सांड, संजय पंचोलिया, राजेंद्र छाबड़ा, विकास बोथरा, अविनाश जैन, तरुण जैन, माणकचंद जैन, पंकज जैन महल, डॉ. सुभाष, डॉ. नरेंद्र जैन, देवेंद्र सराफ सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। संचालन पंकज जैन महल एवं संजय पंचोलिया ने किया, जबकि ज्ञापन का वाचन अध्यक्ष वीरेंद्र जैन ने किया।
