उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में आईटी कंपनियों में तेजी

मुंबई, 18 दिसंबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को बड़े उतार-चढ़ाव के बीच प्रमुख सूचकांकों में गिरावट रही, हालांकि आईटी कंपनियों में लिवाली देखी गयी।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 77.84 अंक (0.09 प्रतिशत) टूटकर 84,481.81 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक तीन अंक यानी 0.01 प्रतिशत उतरकर 25,815.55 अंक पर सपाट बंद हुआ।

बाजार में आज काफी उतार-चढ़ाव देखा गया। सुबह गिरावट में खुलने का बाद सेंसेक्स नीचे 84,238.43 अंक और ऊपर 84,780.19 अंक तक गया। बुधवार को यह 84,559.65 अंक पर बंद हुआ था।

निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.50 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.13 प्रतिशत की बढ़त में रहा।

मीडिया, ऑटो, रसायन, तेल एवं गैस और फार्मा समूहों के सूचकांकों में गिरावट रही जबकि आईटी, रियलिटी और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के सूचकांक चढ़ गये।

एनएसई में जिन 3,209 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें 1,271 के शेयरों में तेजी और अन्य 1,824 में गिरावट रही। वहीं, 114 कंपनियों के शेयर दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद अंत में अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की 30 में से 17 कंपनियों में गिरावट रही। सनफार्मा का शेयर 2.77 प्रतिशत लुढ़क गया। टाटा स्टील में 1.26 फीसदी और पावरग्रिड में 1.19 फीसदी की गिरावट रही। एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, भारती एयरटेल, एलएंडटी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए।

टीसीएस का शेयर 1.94 प्रतिशत मजबूत हुआ। टेक महिंद्रा में 1.68 फीसदी और इंफोसिस में 1.51 फीसदी की तेजी रही। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एक्सिस बैंक, अडानी पोर्ट्स, टाइटन और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर हरे निशान में रहे।

वैश्विक स्तर पर एशिया में चीन का शंघाई कंपोजिट 0.16 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 0.12 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। वहीं, जापान का निक्केई 1.03 फीसदी लुढ़क गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.29 प्रतिशत ऊपर था जबकि ब्रिटेन का एफटीएसई सपाट रहा।

 

 

 

 

Next Post

निसान अगले साल बाजार में उतारेगी सात-सीटर ग्रेवाइट

Thu Dec 18 , 2025
नयी दिल्ली, 18 दिसंबर (वार्ता) वाहन निर्माता कंपनी निसान मोटर इंडिया ने गुरुवार को अपने नये बहुउद्देशीय वाहन (एमपीवी) ग्रेवाइट के बारे जानकारी साझा की और बताया कि इसे अगले साल के आरंभ में बाजार में पेश किया जायेगा। कंपनी ने बताया कि ग्रेवाइट सात-सीटर बी-एमपीवी है जो भारत के […]

You May Like