
श्योपुर। विजयपुर के इकलोद बाड़खेड़ा रोड पर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत में भग्गो पत्नी भल्ले रजक उम्र 60 वर्ष, निवासी काठौन की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में वर्षा कुशवाह, हिमांशु, प्रांशु, रश्मी, कान्हा निवासी ग्राम बेरई (जिला मुरैना), और राहुल रजक निवासी काठौन शामिल हैं। हादसे के बाद शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों मोटरसाइकिलें तेज गति से चल रही थीं और बाडखेड़ा के पास अचानक आमने-सामने आ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भग्गोबाई की मौत हो गई। वहीं घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से विजयपुर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें ग्वालियर रैफर कर दिया गया है। हादसे के बाद सबसे बड़ी लापरवाही स्वास्थ्य विभाग की सामने आई। मृतका का शव अस्पताल से घर ले जाने के लिए शव वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया। मजबूरन परिजनों को बरसात के बीच शव को ट्रैक्टर पर रखकर ले जाना पड़ा।
