
सिंगरौली । नपानि महापौर रानी अग्रवाल ने मोरवा जोन कार्यालय का निरीक्षण कर विभागीय कार्यों एवं जनसेवाओं की समीक्षा की।इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक को बिना किसी असुविधा के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य निष्पादन में किसी प्रकार की समस्या आती है तो उसे तत्काल अवगत कराएं, जिससे उसका निराकरण कराया जा सके। समीक्षा बैठक में महापौर ने वार्डों में प्रतिदिन शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही नगर निगम की गौशालाओं में चारा, पानी एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने तथा शहर में घूम रहे आवारा मवेशियों को गौशाला में सुरक्षित पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि वे नियमित रूप से वार्डों का भ्रमण कर आम नागरिकों से संवाद स्थापित करें तथा उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें।
साथ ही कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर के निर्माण में जनभागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में आमजन की सहभागिता बढ़ाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान भी संचालित किए जाएं। बैठक में वार्डो के पार्षद एवं विभागीय अमला मौजूद रहा।
