ट्रंप ने यूक्रेन की पेट्रियट मिसाइलों की अतिरिक्त मांग को किया खारिज

वाशिंगटन/कीव, (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन की अतिरिक्त पेट्रियट वायु रक्षा मिसाइलों की मांग को खारिज कर दिया है। उन्होंने तर्क दिया है कि ईरान के खिलाफ महीनों से जारी सैन्य अभियानों के कारण अमेरिकी इंटरसेप्टर मिसाइलों का भंडार काफी कम हो गया है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि कीव को तत्काल अधिक वायु रक्षा प्रणालियों की आवश्यकता है, क्योंकि बुधवार को राजधानी पर रूस के बड़े पैमाने पर हुए मिसाइल हमले के दौरान यूक्रेनी बल किसी भी मिसाइल को रोकने में पूरी तरह विफल रहे। श्री ज़ेलेंस्की ने अपने वीडियो संबोधन में कहा, “अमेरिका अच्छी तरह जानता है कि हमें क्या चाहिए और यह कोई काल्पनिक बात नहीं है।”

व्हाइट हाउस में जब श्री ट्रंप से यूक्रेन के इस अनुरोध के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “हम भी मिसाइलें चाहते हैं।” पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन पर निशाना साधते हुए श्री ट्रंप ने कहा कि पिछले प्रशासन ने यूक्रेन को भारी संख्या में हथियार देकर अमेरिकी सैन्य भंडार को काफी हद तक खाली कर दिया था। उन्होंने दावा किया कि श्री बाइडन ने कीव को लगभग 300 अरब डॉलर की सैन्य सहायता “मुफ्त” में दी थी।

अमेरिका के अपने मिसाइल भंडार में कमी की खबरों के बावजूद, श्री ट्रंप लगातार यह दावा कर रहे हैं कि वाशिंगटन का शस्त्रागार मजबूत स्थिति में है और उनके पास “असीमित आपूर्ति” है। वहीं, यूक्रेन पर मॉस्को के बढ़ते हमलों के सवाल पर श्री ट्रंप ने स्पष्ट दूरी बनाते हुए कहा, “हम इसमें शामिल नहीं हैं, हमारे और उनके बीच एक महासागर का फासला है।”

Next Post

यमन के मारिब शहर पर हूती विद्रोहियों का मिसाइल व ड्रोन हमला, दर्जनों लोगों की मौत

Sat Aug 8 , 2026
सना, (वार्ता) यमन के हूती आतंकियों ने शुक्रवार को देश के पूर्वी शहर मारिब पर नए सिरे से मिसाइल और ड्रोन हमले किए। सरकारी सैन्य ठिकानों पर किए गए इन हमलों में दर्जनों लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यमन की सरकारी समाचार एजेंसी सबा […]

You May Like