सना, (वार्ता) यमन के हूती आतंकियों ने शुक्रवार को देश के पूर्वी शहर मारिब पर नए सिरे से मिसाइल और ड्रोन हमले किए। सरकारी सैन्य ठिकानों पर किए गए इन हमलों में दर्जनों लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
यमन की सरकारी समाचार एजेंसी सबा के अनुसार यमनी सशस्त्र बलों ने मारिब के ऊपर कई हूती ड्रोनों को सफलता पूर्वक रोक कर नष्ट कर दिया। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में शहर के ऊपर धुएं का गुबार उठता देखा गया। हालांकि, इन ताजा हमलों पर हूती समूह की ओर से तुरंत कोई टिप्पणी नहीं आई है। इससे पहले गुरुवार को हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने दावा किया था कि उन्होंने मारिब और हदरामौत में सऊदी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए एक बड़ा सैन्य अभियान चलाया है।
हूती प्रवक्ता ने दावा किया कि इस कार्रवाई में सैकड़ों यमनी सैनिक मारे गए और कई सैन्य शिविर व हथियार डिपो तबाह हो गए। हालांकि, सऊदी समर्थित यमनी संयुक्त संचालन कमान ने इन दावों का खंडन करते हुए हमलों में 17 सैनिकों और अधिकारियों के मारे जाने की पुष्टि की है। दूसरी ओर, सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने बताया कि शुक्रवार को दक्षिणी सऊदी शहर नजरान को निशाना बनाकर किए गए हूती हमलों में 11 नागरिक घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मालिकी ने हूतियों पर नागरिक इलाकों को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का घोर उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि संयुक्त बल कमान नागरिकों की सुरक्षा और इन हमलों का माकूल जवाब देने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाना जारी रखेगी।
