
सिंगरौली/देवसर जनपद पंचायत देवसर अंतर्गत ग्राम पंचायत पुरवा में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ग्रामीण के घर में विशालकाय अजगर दिखाई दिया। घर के अंदर अचानक अजगर को देखकर परिवार के सदस्यों में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भी कौतूहल और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पुरवा निवासी महेश साहू के घर में विशालकाय अजगर दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। मामले की जानकारी रेंजर अभिषेक त्रिपाठी को मिलने के बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक अजगर को पकड़ने का अभियान शुरू किया।
वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत और सतर्कता के साथ अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे आबादी क्षेत्र से दूर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
इस रेस्क्यू अभियान में वन विभाग की टीम के ओमकार त्रिपाठी, शिवशंकर केवट, जगमोहन सिंह, केके मिश्रा एवं मुकेश तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वन विभाग की तत्परता से एक ओर जहां ग्रामीणों को संभावित खतरे से राहत मिली, वहीं अजगर को भी बिना नुकसान पहुंचाए उसके प्राकृतिक आवास जंगल में सुरक्षित पहुंचा दिया गया।
