
मंडला। जिले के निवास विकासखंड के ग्राम पिंडरई के किसानों ने ट्रांसफार्मर न लगाए जाने को लेकर बिजली विभाग के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि उन्होंने लंबे समय से ट्रांसफारमर लगाने की मांग की थी, लेकिन ठेकेदार और विद्युत विभाग की अनदेखी के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।किसानों के अनुसार, ट्रांसफार्मर खरीदने के लिए लगभग 2.25 लाख रुपये की राशि जमा कर दी गई थी। बावजूद इसके, कई महीनों से ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, जिससे खेतों की सिंचाई और फसल की सुरक्षा में भारी दिक्कतें आ रही हैं। किसानों के खेतों में बिजली के अभाव में पंप चलना बंद हो गए हैं, जिससे आर्थिक स्थिति पर भी प्रभाव पड़ रहा है।किसानों ने बताया कि लगातार शिकायतों और अनुस्मारक पत्र देने के बावजूद, विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार कार्य के प्रति उदासीन बने हुए हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि कुछ किसान ठेकेदार के पास बार-बार संपर्क कर चुके हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिलता है। किसानों द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार, काम शुरू होते ही रोक दिया जाता है और कोई स्पष्ट सूचना भी नहीं दी जाती।व्यवस्था में लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में रोषग्रामीणों का कहना है कि विभाग की लापरवाही से सैकड़ों एकड़ जमीन पर खेती प्रभावित हो रही है। फसल सिंचाई के लिए बिजली जरूरी है, लेकिन ट्रांसफार्मर न लगने से किसान परेशान हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो वे आंदोलन करेंगे और आगे की कार्रवाई के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराएँगे।प्रभावित किसानों ने कलेक्टर मंडला, विद्युत मंडल के उच्च अधिकारियों सहित संबंधित सभी जिम्मेदारों को ज्ञापन सौंपा है। किसानों की मांग है कि जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर लगाया जाए ताकि आगामी फसल सीजन पर असर न पड़े।
