
परिजनों ने चक्काजाम कर किया प्रदर्शन
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी
नव भारत न्यूज
इंदौर. एमआईजी थाना क्षेत्र में रविवार रात क्रिकेट मैच के जुलूस के दौरान पुरानी रंजिश के चलते एक केटरिंग कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. युवक का बचाव करने आई उसकी मां को भी हमलावारों ने नहीं छोड़ा, जिसमें वह बूरी तरह से घायल हो गई. घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और परिजनों ने सोमवार दोपहर बाद चक्काजाम कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया, और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की. पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर यातायात को सुचारु से रुप से चलायमान कर, शाम तक आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस उपायुक्त जोन 02 अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि एमआईजी थाना क्षेत्र के नया बसेरा में रहने वाला 27 वर्षीय महेश पिता शंकर बामनिया रविवार रात भारत-न्यूजीलैंड क्रिकेट मैच के बाद निकले जुलूस में शामिल हुआ था. घर से कुछ दूरी पर पुरानी रंजिश के चलते उसका सामना सूरज पिता संतोष, आशुतोष उर्फ आशू, और राम से हो गई. इसी दौरान सूरज ने महेश की छाती पर चाकू से हमला कर दिया. महेश की मां मरूबाई जब बेटे को बचाने पहुंचीं, तो हमलावरों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में चोट आई. जब महेश बीच-बचाव के लिए आया, तो आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, मगर ज्यादा खून बहने से उसने दम तोड़ दिया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
परिजनों ने किया चक्काजाम
हत्या के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने एमआईजी इलाके में चक्काजाम कर प्रदर्शन किया. उन्होंने पुलिस पर इलाके में बढ़ते अपराध को रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगाया. परिजनों ने कहा कि बदमाश महिलाओं और बच्चियों को रास्ते में रोककर परेशान करते हैं, कमेंट करते हैं और इलाके में अवैध दबदबा बनाए हुए हैं.
