सीमा सुरक्षा के मुद्दे पर इराक के प्रधानमंत्री अल-सुदानी और सीरिया के अंतरिम नेता अल-शारा ने की बात

बगदाद, 21 जनवरी (वार्ता) इराक के प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी ने मंगलवार को सीरिया के अंतरिम नेता अहमद अल-शारा से सीमा सुरक्षा के मुद्दे पर बात की।

श्री अल-सुदानी के मीडिया दफ्तर की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि श्री अल-शारा ने दोनों देशों के बीच साझा सीमाओं को सुरक्षित करने के लिए अपने देश की प्रतिबद्धता दोहरायी और इस संबंध में इराक की सरकार के प्रयासों और उपायों की प्रशंसा की। बयान में कहा गया है कि उन्होंने सीमाओं को सुरक्षित करने, बचे हुए इस्लामिक स्टेट (आईएस) के आतंकवादियों को खत्म करने और दोनों देशों के बीच सीमा चौकियों को फिर से खोलने के लिए द्विपक्षीय समन्वय को मजबूत करने का आह्वान किया।

वहीं श्री अल-सुदानी ने सीरिया की सुरक्षा और स्थिरता के प्रति इराक की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने बातचीत के माध्यम से संकटों को हल करने, सीरियाई लोगों के सभी घटकों के अधिकारों को सुनिश्चित करने और सीरियाई क्षेत्र की एकता और उसकी संप्रभुता की रक्षा करने के महत्व पर जोर दिया।

श्री अल-सुदानी ने मंगलवार को ही सीरिया में तेजी से घटित हो रहे घटनाक्रमों और संबंधित क्षेत्रीय चुनौतियों पर चर्चा करने के लिए एक आपातकालीन सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता की। एक बयान में, इराकी सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ के प्रवक्ता सबाह अल-नुमान ने कहा कि आतंकवादियों या अपराधियों के भागने से रोकने के लिए सीरिया को अपनी जेलों पर पूरा नियंत्रण बनाए रखना चाहिए।

गौरतलब है कि सीरियाई सेना ने सोमवार को कहा था कि उसने पूर्वोत्तर हसाका प्रांत में शद्दादी क्षेत्र और उसकी जेल पर नियंत्रण कर लिया है, जिसमें हजारों आईएस संदिग्ध बंद हैं। सेना ने कहा कि उसने जेल परिसर को सुरक्षित कर लिया है और भागे हुए कैदियों को फिर से पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया है।

 

Next Post

वैध पटाखा फैक्ट्री पर छापा, बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त

Wed Jan 21 , 2026
इंदौर:ग्राम जलोदिया पार में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री पर प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की. बिना लाइसेंस और सुरक्षा इंतजामों के चल रही इस अवैध पटाखा फैक्ट्री पर जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने छापा मारा. कार्रवाई के दौरान पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली बड़ी […]

You May Like