
हैदराबाद, 12 सितंबर (वार्ता) आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) अपने दूसरे सीज़न के साथ वापसी कर रही है। इसमें भारत के 36 टॉप तीरंदाज़, 10 अलग-अलग देशों के 12 इंटरनेशनल स्टार्स के साथ हैदराबाद में 8 से 18 अक्टूबर तक मुकाबला करेंगे। चार बार की ओलंपियन दीपिका कुमारी और वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने वाले अतानु दास, मौजूदा एशियन चैंपियन धीरज बोम्मादेवरा के साथ घरेलू रिकर्व टीम की अगुवाई करेंगे। भारत की कंपाउंड टीम भी उतनी ही मज़बूत है, जिसमें कई बार वर्ल्ड कप और एशियन गेम्स चैंपियन रहीं ज्योति सुरेखा वेन्नम और अभिषेक वर्मा शामिल हैं, साथ ही पूर्व वर्ल्ड चैंपियन ओजस प्रवीण देवतले भी टीम का हिस्सा हैं।
घरेलू स्टार्स का मुकाबला इंटरनेशनल खिलाड़ियों से होगा, जिनमें तुर्की के टोक्यो 2020 ओलंपिक चैंपियन मेटे गाज़ोज़, अमेरिका की पेरिस 2024 ब्रॉन्ज़ मेडलिस्ट केसी कॉफ़होल्ड, ब्राज़ील के वर्ल्ड नंबर 1 मार्कस डी’अल्मेडा, ग्रेट ब्रिटेन की वर्ल्ड नंबर 2 एला गिब्सन और डच कंपाउंड दिग्गज माइक श्लोसेर (पूर्व वर्ल्ड चैंपियन और चार बार के वर्ल्ड कप फ़ाइनल विजेता) शामिल हैं।
घरेलू लाइन-अप को और मज़बूती देते हुए, इस महीने के आखिर में आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में जाने वाली भारतीय टीम के सभी 12 सदस्य एपीएल इकोसिस्टम का हिस्सा हैं, जिससे लीग का देश के आगामी इंटरनेशनल कैंपेन से सीधा जुड़ाव बनता है।
आगामी कैंपेन के बारे में बात करते हुए, आर्चरी प्रीमियर लीग के डायरेक्टर अनिल कामिनेनी ने कहा, “हमारे पहले सीज़न को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद, हम और भी बड़े सीज़न 2 के लिए तैयार हैं। दुनिया के टॉप इंटरनेशनल तीरंदाज़ों के हमारी लीग में शामिल होने से एपीएल सचमुच एक ग्लोबल इवेंट बन गया है, साथ ही यह हमारे भारतीय तीरंदाज़ों को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ खुद को परखने का एक बेहतरीन कॉम्पिटिटिव प्लेटफ़ॉर्म भी देता है।” वर्ल्ड आर्चरी और नेशनल रैंकिंग के आधार पर चुने गए 36 सदस्यों वाली भारतीय टीम में जाने-माने खिलाड़ियों और उभरते हुए टैलेंट का मिश्रण है। इसमें 21 तीरंदाज पहले सीज़न से वापस आ रहे हैं और 15 एपीएल में अपना डेब्यू कर रहे हैं। डेब्यू करने वालों में वर्ल्ड चैंपियनशिप के सिल्वर मेडलिस्ट रजत चौहान और वर्ल्ड कप स्टेज के गोल्ड मेडलिस्ट रिधि के साथ-साथ वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट कुशल दलाल और जूनियर नेशनल चैंपियन कीर्ति शर्मा शामिल हैं।
तेलंगाना सरकार के सहयोग से आर्चरी एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया द्वारा शुरू की गई इस छह-फ्रेंचाइज़ी लीग में मिक्स्ड-जेंडर टीमें रिकर्व और कंपाउंड कैटेगरी में मुकाबला करेंगी। इस लीग की एक खास बात इसका 15-सेकंड का शॉट क्लॉक है, जो स्टैंडर्ड ओलंपिक टाइमिंग से पांच सेकंड कम है। इसका फ़ॉर्मेट फ़ैसला लेने की क्षमता, स्पीड और संयम को परखने के लिए बनाया गया है, साथ ही यह टीम कॉम्पिटिशन में दबाव का एक अतिरिक्त स्तर भी जोड़ता है।
सीज़न 2 हैदराबाद के नेकलेस रोड पर पीपल्स प्लाज़ा में 11 दिनों तक, हर शाम 7:30 बजे से 9:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। लीग का लक्ष्य पहले सीज़न से मिले दर्शकों के उत्साह को और बढ़ाना है, जिसमें राजपूताना रॉयल्स ने ऐतिहासिक पहला खिताब जीता था। पहले एडिशन में डिजिटल दर्शकों का एक बड़ा हिस्सा युवा दर्शकों का था। जाने-माने भारतीय खिलाड़ियों, उभरते हुए टैलेंट और दुनिया के कुछ बेहतरीन तीरंदाजों के साथ बड़े स्तर पर आयोजित होने वाले सीज़न 2 का लक्ष्य घरेलू कॉम्पिटिशन के माहौल को और मज़बूत करना और इस खेल को ज़्यादा से ज़्यादा दर्शकों तक पहुँचाना है।
टॉयनमेंट में हिस्सा लेने वाली छह टीमें:
1. चेरो आर्चर्स ऑफ झारखंड
2. चोला चीफ्स ऑफ तमिलनाडु
3. काकातिया नाइट्स ऑफ तेलंगाना
4. माइटी मराठाज ऑफ महाराष्ट्र
5. पृथ्वीराज योद्धाज ऑफ दिल्ली
6. राजपूताना रॉयल्स ऑफ राजस्थान एपीएल सीजन-2 का पूरा रोस्टर
कंपाउंड पुरुष (भारत): ऋषभ यादव, कुशल दलाल, साहिल राजेश जाधव, अभिषेक वर्मा, थिरुमुरु गणेश मणि रत्नम, ओजस प्रवीण देवतले, शिवशंकर सखाराम लांडकर, अमन सैनी, रजत चौहान।
कंपाउंड पुरुष (विदेश): माइक श्लोएसर (नीदरलैंड्स), मैथियास फुलर्टन (डेनमार्क), निको वीनर (ऑस्ट्रिया)।
कंपाउंड महिला (भारत): ज्योति सुरेखा वेन्नम, परनीत कौर, मधुरा धामणगांवकर, तनीपर्थी चिकिथा, पृथिका प्रदीप, जसवीर कौर, स्वाति दुधवाल, राज कौर, अवनीत कौर। कंपाउंड महिला (विदेश): आंद्रेया माया बेसेरा अरिजागा (मेक्सिको), एला गिब्सन (ग्रेट ब्रिटेन), आलेहांद्रा उस्कियानो (कोलंबिया)। रिकर्व पुरुष (भारत): बोम्मादेवरा धीरज, नीरज चौहान, यशदीप भोगे, अतनु दास, मृणाल चौहान, रोहित कुमार, पवन, अभ्युदय अमोल पखाले, जुएल सरकार। रिकर्व पुरुष (विदेश): मार्कस डी’अल्मेडा (ब्राजील), मातियास ग्रांडे (मेक्सिको), मेटे गाजोज (तुर्किये)। रिकर्व महिला (भारत): दीपिका कुमारी, कीर्ति शर्मा, कुमकुम अनिल मोहोड, अंकिता भकत, संगीता, सिमरनजीत कौर, रिधि, कोंडापावुलुरी युक्ता श्री, गाथा आनंदाराव खडके। रिकर्व महिला (विदेश): केसी कॉफहोल्ड (अमेरिका), आलेहांद्रा वालेंसिया त्रुजिलो (मेक्सिको), एलिया कैनालेस (स्पेन)।
