सतना :पिछले दिनों हुई जबरदस्तम बारिश के चलते शहर के पन्ना नाक क्षेत्र में स्थित पूजा हास्पिटल के निकट स्थित ट्रांसफार्मर गिरने के कगार पर पहुंच गया था. हलांकि विद्युत अमले द्वारा समय रहते उसे डिसमेंटल कर दिया गया. लेकिन टांसफार्मर को वापस खड़ा करने में कई लोग बाधक बनकर खड़े हो गए.पन्ना नाका क्षेत्र में पूजा हास्पिटल के निकट स्थित 200 केवीए का ट्रांसफार्मर 20 अगस्त को गिरने के कगार पर पहुंच गया था.
लेकिन सूचना मिलने पर विद्युत अमले ने समय रहते मौके पर पहुंचकर उसे डिसमेंटल कर दिया. लेकिन विद्युत अमले के सामने असली परेशानी तब शुरु हुई जब वे ट्रांसफार्मर को वापस लगाने लगे. बताया गया कि निकट स्थित कार वाशिंग सेेंटर के संचालक द्वारा कड़ी आपत्ति जताई गई. इतना ही नहीं बल्कि विद्युत अमले को ट्रांसफार्मर लगाने से रोक दिया गया. नतीजतन हास्पिटल समेत आस पास के क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित बनी रही.
जिसे देखते हुए सहायक अभियंता अनुरक्षण द्वारा तहसीलदार रघुराजनगर को पत्र लिख कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की. जिसके चलते तहसीलदार द्वारा मौके पर पहुंच कर वस्तुस्थिति को समझने का प्रयास किया गया. लेकिन कार वाशिंग संचालक द्वारा इस बार भी ट्रंासफार्मर लगाने से साफ इंकार कर दिया गया. हलांकि ट्रांसफार्मर शासकी भूमि पर ही लगाया जा रहा था. लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग अड़े रहे. काफी समझाइस के बावजूद भी जब सहमति नहीं बनी तो फिर ट्रांसफार्मर को खिसकाकर नाले के किनारे एक कोने में ले जाया गया.
