सज्जन कुमार के घर जाने को लेकर नवीन ने कमलजीत, रामवीर और योगेंद्र को लगायी फटकार, मांगा जवाब

नयी दिल्ली, 29 अगस्त (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के दिल्ली के तीन लोकसभा सांसदों कमलजीत सहरावत, रामवीर सिंह बिधूड़ी और योगेंद्र चंदोलिया को फटकार लगायी है और 1984 के सिख-विरोधी दंगों के मामले में दोषी ठहराए गए कांग्रेस के दिवंगत सांसद सज्जन कुमार के घर जाने के मामले में उनसे जवाब मांगा है। पार्टी के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार श्री नवीन ने श्रीमती सहरावत और सर्वश्री बिधूड़ी तथा चंदोलिया से इस मामले पर जवाब देने को कहा है।

गौरतलब है कि भाजपा के ये तीन सांसद श्री कुमार के निधन के उनके घर गये थे और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की थी। नवीन की नाराज़गी कमलजीत सहरावत, रामवीर सिंह बिधूड़ी और योगेंद्र चंदोलिया पर थी। भाजपा नेता एच.एस. फूलका ने श्री नवीन के इस कदम के लिए उनका शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी के 40 साल पुराने रुख को बनाए रखा और इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा, “नेतृत्व ऐसा ही होना चाहिए, न कि कांग्रेस जैसा पाखंडपूर्ण, जैसा वे इतने सालों से करते आ रहे हैं। भाजपा ने 40 सालों से इस मुद्दे को अपना मानकर लड़ाई लड़ी है।”

1984 के सिख-विरोधी दंगों के पीड़ितों के लिए लड़ने वाले प्रमुख वकील और इस साल अप्रैल में भाजपा में शामिल हुए श्री फूलका ने श्री सज्जन कुमार के घर जाने को लेकर श्रीमती सहरावत, सर्वश्री बिधूड़ी और चंदोलिया की आलोचना की। उन्होंने शुक्रवार को कहा था, “मैं तीन सांसदों सहरावत, बिधूड़ी और चंदोलिया द्वारा सामूहिक हत्यारे सज्जन कुमार के घर जाकर उसकी मौत पर संवेदना व्यक्त करने की कड़ी निंदा करता हूं। भाजपा ने हमेशा इन दोषियों के खिलाफ न्याय की हमारी लड़ाई का समर्थन किया है और यह सुनिश्चित करने में हमारा साथ दिया है कि वह जेल में रहे। सहानुभूति पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति होनी चाहिए जिनमें से कई आज भी उन दिनों के खौफनाक मंजर को जी रहे हैं। मैं इन तीन सांसदों के बहिष्कार की मांग करता हूं।”

.....

Next Post

पंडित विपिन बिहारी महाराज की कथा को लेकर पुलिस ने की व्यवस्थाओं की समीक्षा

Sat Aug 29 , 2026
तेंदूखेड़ा/दमोह। 9 सितंबर से 15 सितंबर तक आयोजित होने वाली बुंदेलखंड के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित विपिन बिहारी महाराज की कथा को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।पुलिस ने तेंदूखेड़ा कथा स्थल तक आने वाले मार्गों का निरीक्षण कर भीड़ और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आयोजकों […]

You May Like