
भोपाल। राजधानी स्थित राजा भोज एयरपोर्ट पर सोमवार को यात्री सुविधा दिवस मनाया गया. इस दौरान दूसरे शहरों से आए यात्रियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें विशेष सम्मान प्रदान किया गया. इस अवसर पर सांसद आलोक शर्मा व महापौर मालती राय और डायरेक्टर रामजी अवस्थी मौजूद रहे. इस अवसर पर सांसद आलोक शर्मा व महापौर मालती राय ने यात्रियों को उपलब्ध कराई गई नवीन जनसुविधाओं जिसमें सहज डेस्क, आधुनिक टायलेट व अन्य सुविधाओं का शुभारंभ किया. शुभारंभ कार्यक्रम में महापौर ने पालीथीन व सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने का आव्हान किया और विमानतल के सफाई मित्रों सहित अन्य कर्मियों को कपड़े/जूट के थैले भेंट किये. इस अवसर पर संचालक रामजी अवस्थी सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद थे.
यात्रियों को मिलेगी बेहतरीन सुविधाएं
यात्रियों, आगंतुकों, वाहन चालकों एवं एयरपोर्ट उपयोगकर्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक टच-फ्री उपकरण एवं अन्य उन्नत सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं. जिंसमें यात्रियों के लिए उन्नत शौचालय सुविधा उपलब्ध कराई गई है जो उच्च स्वच्छता मानक एवं अधिक आरामदायक अनुभव प्रदान करेंगे, जो यात्री-केंद्रित सेवाओं एवं विश्वस्तरीय एयरपोर्ट अवसंरचना के प्रति एयरपोर्ट की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं.
