नागोया (जापान) 20 सितंबर (वार्ता) भारतीय एथलीट सुचिका तरियाल ने रविवार को एशियाई खेलों में महिलाओं के पारंपरिक 60 किग्रा वर्ग में मिश्रित मार्शल आर्ट्स (एमएमए) में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाकर अपना पदक पक्का कर लिया है।
आज यहां खेले गये क्वार्टरफाइनल में 36 वर्षीय सुचिका तरियाल ने मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया और भारत के लिए कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया। अब भारतीय एथलीट की सोमवार को होने वाले सेमीफाइनल में स्वर्ण पदक पर नजर होगी।
सुचिका कॉम्बैट-स्पोर्ट एक कामयाब भारतीय एथलीट हैं, जिनका करियर जूडो, जू-जित्सु और मिश्रित मार्शल आर्ट्स में फैला हुआ है। हरियाणा के रोहतक की रहने वाली सुचिका एक साधारण और पारंपरिक सोच वाले परिवार से आती हैं। उनके खेल के सफर की शुरुआत 12 साल की उम्र में आत्म-रक्षा के लिए जूडो सीखने के साथ हुई। उन्होंने शुरुआत में जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम और बाद में पालम के दादा देव मंदिर सेंटर में प्रशिक्षण और फिर साई भोपाल में अपनी स्किल्स को और बेहतर बनाया। कॉम्पिटिटिव स्पोर्ट्स में आगे बढ़ने के लिए उन्हें परिवार की हिचकिचाहट को दूर करना पड़ा, खासकर लड़कियों के लिए प्रतियोगिताओं के सिलसिले में यात्रा करने से जुड़ी चुनौतियों को लेकर। इसके बाद उन्होंने खुद को एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की जूडोका के तौर पर स्थापित किया और 20 से अधिक अंतरराष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
