
भोपाल। शहर में एटीएम मशीन में छेड़छाड़ कर रुपए निकालने वाले एक गिरोह के सरगना अभिषेक कुमार सिंह को भोपाल पुलिस बिहार से लाने की तैयारी कर रही है. आरोपी अभिषेक की गिरफ्तारी बिहार के मुजफ्फरपुर में हुई है. उसको ट्रांजिट रिमांड पर भोपाल लाने की तैयारी में पुलिस जुटी है. आरोपी के खिलाफ शाहपुरा थाने में मामला दर्ज है.
सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में भोपाल में एक गिरोह बनाकर एटीएम से रूपए निकालने की बात स्वीकार की है. आरोप है कि उसने अपना अभियान शुरू करने से पहले बिहार में ही इसकी तकनीकी ट्रेनिंग ली थी. ट्रेनिंग में उसे एटीएम मशीन में मौजूद खामियों की जानकारी भी मिली. इस गिरोह का एक आरोपी विपुल उर्फ सोनू निवासी गया ने भोपाल में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई की. विपुल ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे एटीएम मशीन को चिन्हित किया.पूरा डेटा तैयार कर उसने बिहार के रहने वाले बेरोजगार युवाओं को अपने गिरोह में शामिल किया. इसके बाद एटीएम मशीनों में छेडछाड़ कर रुपए निकाले.
जानकारी के मुताबिक शाहपुरा पुलिस मामले में तकनीकी जांच कर रही है. वर्तमान में इस गिरोह के वित्तीय लेनदेन सहित उनके निवास का पता पुलिस लगा रही है. गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की छापेमारी भी जारी है.
